उफनती यमुना में कूदने की आशंका, आगरा के अकबरा गांव का युवक कल रात से लापता
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के अकबरा गांव के एक युवक के उफनती यमुना में डूबने की आशंका है। संकेत मिल रहे हैं कि यह युवक यमुना में खूद ही कूदा है। बीती रात को साढ़े आठ बजे घर से निकले इस युवक के बारे में आज सुबह तक कुछ भी पता नहीं चल पाया था। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम भी गांव पहुंच गई थी।
जिस युवक के यमुना में डूबने की आशंका है, उसका नाम श्याम बिहारी सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह है। 38 वर्षीय श्याम बिहारी शादीशुदा है और छह वर्ष के एक बच्चे का पिता है। श्याम बिहारी एक गोदाम में काम करता है। उसके बारे में बताया गया है कि उसे ड्रिंक करने की आदत पड़ चुकी थी।
गांव के लोगों ने बताया कि आठ दिन पहले भी श्याम बिहारी सिंह ने यमुना में छलांग लगा दी थी। उस समय यमुना किनारे पर मौजूद गांव के कुछ युवकों ने भी यमुना में छलांग लगाकर श्याम बिहारी को सुरक्षित निकाल लिया था। उस समय माना गया था कि श्याम बिहारी ने अपनी जान देने के लिए यमुना में छलांग लगाई थी।
बीती रात साढ़े आठ बजे के करीब श्याम बिहारी अपने छह साल के बेटे को लेकर यमुना की तरफ जा रहा था। वह अंडरवियर और बनियान में था। गांव के बाहर मंदिर पर मौजूद कुछ महिलाओं ने श्याम बिहारी को टोका था कि बेटे को लेकर रात में कहां जा रहा है। इन महिलाओं ने श्याम बिहारी के बेटे को अपने पास बुला लिया था। इसके बाद श्याम बिहारी यमुना की तरफ बढ़ गया था।
जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने उसकी खोज की। यह पता चलने पर कि वह यमुना की तरफ गया था, सभी लोग दौड़कर वहां पहुंचे लेकिन वहां भी श्याम बिहारी का पता नहीं चला। आसपास भी तलाश की गई। आज सुबह परिवारीजनों ने डायल 112 पर इस मामले में सूचना दी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ कर वापस लौट गई।
परिवारीजनों और गांव वालों को आशंका है कि श्याम बिहारी यमुना में डूब चुका है। चूंकि इस समय यमुना नदी उफान पर है, इसलिए यह भी आशंका जताई जा रही है कि श्याम बिहारी पानी में बहकर दूर तक जा चुका होगा। गांव वाले मांग कर रहे हैं कि स्टीमर और गोताखोरों को लगाकर युवक की तलाश कराई जाए।