दिशा पटानी के घर फायरिंग का पांचवां आरोपी भी दबोचा, पुलिस एक्शन से ढेर हुए गैंग के मंसूबे
-आरके सिंह- बरेली में अभिनेत्री दिशा पटानी के पैतृक आवास पर फायरिंग की गूंज अब थमती दिख रही है। पुलिस ने लगातार अभियान चलाकर गैंग को धर दबोचने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार देर रात शाही थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पांचवां आरोपी रामनिवास उर्फ दीपू और उसका साथी अनिल गिरफ्तार कर लिए गए।
अभिनेत्री दिशा पटानी के पिता जगदीश पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर 12-13 सितंबर की रात को फायरिंग की गई थी। इस केस में शामिल पांचवां शूटर रामनिवास उर्फ दीपू, निवासी ग्राम बेडकला (थाना जैतारण, जनपद बियावर, राजस्थान) शुक्रवार रात शाही थाना क्षेत्र में साथी अनिल के साथ पुलिस मुठभेड़ में धर दबोचा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में देहाती इलाके से गुजर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रामनिवास के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। उसका साथी अनिल भी दबोच लिया गया।
रामनिवास उर्फ दीपू: 25,000 रुपये का इनामी है। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। अनिल (उर्फ राजू), निवासी सोनीपत, हरियाणा के पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में अनिल ने कबूला कि वह लंबे समय से फायरिंग केस में मारे गए शूटर रविंद्र और अरविंद के संपर्क में था और उन्हें बाइक व गाड़ियों की सुविधा उपलब्ध कराता था।
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने तुरंत टीमें गठित कर अपराधियों की तलाश शुरू की थी। एसटीएफ, यूपी पुलिस, दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पहले दो शूटर अरविंद और रविंद्र गाजियाबाद में हुई मुठभेड़ में मारे गए थे, जबकि दो अन्य आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब पांचवा शूटर रामनिवास भी पकड़ा जा चुका है।
बता दें कि दिशा पटानी के घर के बाहर दो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैला दी थी। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी। इस केस को सुलझाना बरेली पुलिस के लिए चुनौती था, लेकिन अब गैंग के सभी आरोपी कानून के शिकंजे में हैं।