पीओके में फिर सुलग रही 'आग', जेकेजेएएसी ने किया नए आंदोलन का ऐलान
जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेकेजेएएसी) ने फिर एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों का ऐलान किया है। इस बार पीओके में शिक्षा और स्वास्थ्य के बिगड़ते हालात को देखते हुए आंदोलन किया जाएगा। इसमें महिलाओं और स्कूली बच्चों को शामिल होने के लिए कहा गया है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हालात एक बार फिर बिगड़ने वाले हैं। दरअसल, जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेकेजेएएसी) ने पाकिस्तान के खिलाफ एक नए आंदोलन का ऐलान किया है। जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही है, जिस पर पाकिस्तान ने प्रतिबंध लगा दिया है। पाकिस्तान के लिए जेकेजेएएसी एक आतंकवादी संगठन है। उसने पाकिस्तान पर पीओके के लोगों को बुनियादी अधिकारों से दूर रखने का आरोप लगाया है।
रावलाकोट में हुई एक बैठक में जेकेजेएएसी ने पाकिस्तान के खिलाफ नए सिरे से आंदोलन करने और लोगों को एकजुट करने के विषय पर चर्चा की। कमेटी ने कहा कि वह 26 अगस्त को पूरे पीओके में विरोध प्रदर्शनों के दौरान "पैगंबर-ए-इंकलाब सम्मेलन" (क्रांति के पैगंबर पर सम्मेलन) आयोजित करेगी। उसने मुस्लिम विद्वानों से पैगंबर मुहम्मद की शिक्षाओं को प्रचारित करने और उत्पीड़न, अज्ञानता, अत्याचार और शोषण के खिलाफ उनके संघर्ष के बारे में बात करने का आग्रह किया है।
जेकेएएसी ने कहा कि इस नए आंदोलन का उद्देश्य पीओके में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को सुधारना है। इसके लिए "मेरे लिए स्वास्थ्य और शिक्षा क्यों नहीं?" नारे के तहत 29 अगस्त से प्रदर्शन की शुरुआत की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान पीओके के स्कूलों-कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अस्पतालों की कमियों को उजागर किया जाएगा और पाकिस्तान से उनमें सुधार की मांग भी की जाएगी।