पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर को पुलिस ने शाहजहांपुर में ट्रेन से हिरासत में लेकर लखनऊ पुलिस को सौंपा, देवरिया कोर्ट पेशी के लिए की गई कार्रवाई, सोशल मीडिया पर फैल गई थीं लापता होने और अपहरण की अफवाहें

लखनऊ से दिल्ली जा रहे पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को शाहजहांपुर में ट्रेन से उतारकर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सोशल मीडिया पर उनके लापता होने और अपहरण जैसी आशंकाओं के बीच यह कार्रवाई तब हुई, जब उन्हें बुधवार को देवरिया की एक अदालत में पेश होना था। लखनऊ पुलिस के निर्देश पर शाहजहांपुर पुलिस ने रात करीब दो बजे ट्रेन रोकी और अधिकारी को अपनी कस्टडी में लेकर लखनऊ पुलिस को सौंप दिया।

Dec 10, 2025 - 14:19
 0
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर को पुलिस ने शाहजहांपुर में ट्रेन से हिरासत में लेकर लखनऊ पुलिस को सौंपा, देवरिया कोर्ट पेशी के लिए की गई कार्रवाई, सोशल मीडिया पर फैल गई थीं लापता होने और अपहरण की अफवाहें
अमिताभ ठाकुर।

-राजीव शर्मा-

शाहजहांपुर। पूर्व आईपीएस अधिकारी और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहने वाले अमिताभ ठाकुर मंगलवार देर रात शाहजहांपुर में पुलिस हिरासत में ले लिए गए। वे लखनऊ से दिल्ली जा रही लखनऊ एसी सुपरफास्ट ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। सोशल मीडिया पर देर शाम से ही उनके लापता होने और संभावित अपहरण के दावे वायरल हो रहे थे, जिसके बाद मामला और तेजी से चर्चा में आया।

लखनऊ पुलिस के निर्देश पर ट्रेन से उतारा गया

शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार को उन्हें लखनऊ पुलिस की ओर से संदेश मिला था कि पूर्व आईपीएस अधिकारी दिल्ली जा रहे हैं। निर्देश था कि उन्हें ट्रेन से उतरवाकर हिरासत में लेकर तत्काल लखनऊ पुलिस के सुपुर्द किया जाए।

एसपी ने बताया कि हमें मंगलवार रात सूचना मिली कि वे ट्रेन से दिल्ली जा रहे हैं। इसके बाद हमारी टीम ने रात करीब दो बजे ट्रेन से उतारकर उन्हें हिरासत में लिया और लखनऊ पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज (बुधवार) अमिताभ ठाकुर को देवरिया जिले की एक अदालत में एक मामले में पेश होना था। आशंका थी कि वे दिल्ली जाकर अदालती पेशी से बच सकते हैं, इसी कारण लखनऊ पुलिस ने यह कार्रवाई की।

अमिताभ ठाकुर के लापता होने और अपहरण की चर्चा सोशल मीडिया पर तेज रही। कई पोस्ट में दावा किया गया कि उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
पुलिस ने इन दावों को खारिज करते हुए साफ किया कि यह नियमित कानूनी प्रक्रिया है और उन्हें कोर्ट पेशी के लिए हिरासत में लिया गया है।

पूर्व आईपीएस अधिकारी पर की गई यह देर रात कार्रवाई राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई। फिलहाल अमिताभ ठाकुर को लखनऊ पुलिस की कस्टडी में देवरिया में पेश किए जाने की प्रक्रिया जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor