आगरा कॉलेज के पूर्व एनसीसी कैडेट देव चाहर ने उठाया 'अंतिम पग', सेना में बने लेफ्टिनेंट
आगरा। आगरा कॉलेज के एनसीसी कैडेट रह चुके देव चाहर ने भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। 6 सितंबर 2025 को ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) चेन्नई में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड (पीओपी) के दौरान उन्होंने अंतिम पग उठाकर 10वीं वाहिनी सिख रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया।
एनसीसी आर्मी विंग आगरा कॉलेज के कंपनी कमांडर कैप्टन अमित अग्रवाल ने बताया कि लेफ्टिनेंट देव चाहर का चयन गत वर्ष एनसीसी स्पेशल एंट्री के माध्यम से हुआ था, जहां उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 16वीं रैंक हासिल की थी। सितंबर 2024 से ओटीए चेन्नई में 49 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण के बाद देव चाहर ने सैन्य रणनीति, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह मुकाम पाया।
रजौली, किरावली (आगरा) के मूल निवासी देव चाहर 2023 में 1/1 कंपनी एनसीसी आगरा कॉलेज के होनहार कैडेट रहे। उन्होंने एडवांस लीडरशिप कैंप जैसे प्रतिष्ठित शिविरों में भाग लेकर नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया।
पासिंग आउट परेड में सही तालमेल और अनुशासन से कदमताल करते कैडेट्स का प्रदर्शन कैरियर की सबसे बड़ी उपलब्धि का प्रतीक रहा। देव चाहर के माता-पिता श्रीमती सुनीता सिंह और अवकाश प्राप्त शिक्षक रामवीर सिंह ने बेटे को देश सेवा की शपथ लेते देखकर मौके पर मौजूद रहकर गर्व महसूस किया।
देव चाहर के कमीशन पर आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम, 1 यूपी वाहिनी एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल अंकुर सुहाग और एनसीसी अधिकारी कैप्टन अमित अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त कर शुभकामनाएं दीं। वहीं उनके मित्र और साथी कैडेट्स लेफ्टिनेंट शुभम यादव, लेफ्टिनेंट शिवम माहेश्वरी, नितिन, तान्या जैन, अमोलक, आशुतोष, हिमांशु, मनस्वी चौधरी, विपुल प्रताप, अंकुर, शिवम पाल आदि ने 'अंतिम पग' पर सफलता पाने और माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए उन्हें बधाई दी।