1100 अग्रवंशी परिवारों को एक सूत्र में जोड़ने के लिए होगा एकता महायज्ञ, अग्रसेन जयंती पर बल्केश्वर की अग्रसेन वाटिका में 11 अक्टूबर को आयोजन

आगरा। महाराजा अग्रसेन जयंती पर बल्केश्वर क्षेत्र के 1100 अग्रवंशी परिवारों को एकता के सूत्र में जोड़ने के लिए अग्रवंश एकता समिति की ओर से 11 अक्टूबर को विशाल एकता महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। बल्केश्वर आईटीआई के सामने स्थित अग्रसेन वाटिका में सुबह 10:30 बजे होने वाले इस आयोजन के लिए आयोजक घर-घर जाकर अग्रवंशी परिवारों को एक मुट्ठी चावल के साथ आत्मीय निमंत्रण देंगे। विश्व शांति और विश्व कल्याण के उद्देश्य से होने वाले महायज्ञ के माध्यम से सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।

Sep 29, 2026 - 21:37
 0
1100 अग्रवंशी परिवारों को एक सूत्र में जोड़ने के लिए होगा एकता महायज्ञ, अग्रसेन जयंती पर बल्केश्वर की अग्रसेन वाटिका में 11 अक्टूबर को आयोजन
अतिथिवन में विशाल एकता महायज्ञ का पोस्टर विमोचन करते अग्रवंश एकता समिति के पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले, पार्षद हरिओम गोयल बाबा, पार्षद पूजा बंसल एवं अन्य।

मंगलवार को अतिथिवन स्थित वाटरवर्क्स में अग्रवंश एकता समिति की ओर से आयोजन की जानकारी दी गई और कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन किया गया। मुख्य संयोजक एवं समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले ने बताया कि महाराजा अग्रसेन ने अग्रवंशियों को अपनेपन के धागे में बांधने और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करने के लिए ‘एक रुपया, एक ईंट’ का संदेश दिया था। उन्हीं की प्रेरणा से एकता महायज्ञ की पहल की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन से बल्केश्वर सहित पूरे आगरा में सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

एक मुट्ठी चावल के साथ घर-घर निमंत्रण

पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल ‘तोती भाई’ ने बताया कि एकता महायज्ञ में अधिक से अधिक अग्रवंशी परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर एक मुट्ठी चावल के साथ आत्मीय निमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि क्षेत्र के अधिक से अधिक परिवार इस आयोजन से जुड़ें।

पार्षद पूजा बंसल, पार्षद हरिओम बाबा और पार्षद पति एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल ने संयुक्त रूप से बताया कि विश्व शांति और विश्व कल्याण के साथ बल्केश्वर क्षेत्र के 1100 अग्रवंशी परिवारों को एक सूत्र में जोड़ना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि महायज्ञ में प्रयुक्त समिधा और उससे निकलने वाली सुगंध अग्रवंशियों के तन-मन और जीवन में स्वास्थ्य, खुशहाली, समृद्धि तथा नई ऊर्जा के साथ एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

समाजसेवी सुमन गोयल, ममता सिंघल और नूतन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि आयोजन के तहत अग्रवंशी प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इसके माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा।

मुख्य यजमान गिरीश चंद्र बंसल ने सभी अग्रवंशियों से एकता महायज्ञ में सहभागिता करने की अपील की।

पोस्टर विमोचन के दौरान बंगाली बाबू अग्रवाल, रमन अग्रवाल, हरिओम गोयल, शिव शंकर अग्रवाल ‘शंभू’, अवध गोयल, कृष्ण कुमार अग्रवाल ‘गुड्डू’, रिंकू अग्रवाल, सचिन मित्तल, संध्या और बॉबी भाई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor