हाथ का हुनरः आगरा में तीन दिवसीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी और कार्यशाला शुरू

आगरा। हस्तशिल्प के प्रति जनजागरण और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत हैंडीक्राफ्ट विभाग तथा आगरा जरी जरदोजी कार्य निर्माता कंपनी की संयुक्त पहल पर बुधवार को राजपुर स्थित जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय हस्तशिल्प कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ।

Oct 8, 2025 - 19:19
 0
हाथ का हुनरः आगरा में तीन दिवसीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी और कार्यशाला शुरू
वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत हैंडीक्राफ्ट विभाग द्वारा जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल में लगाई गई हस्तशिल्प कला प्रदर्शनी को देखते हुए पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री देवेंद्र चुल्लू, विनोद बंसल, बृजमोहन शर्मा एडवोकेट व अन्य अतिथिगण।

इस आयोजन में दिल्ली की नेशनल अवार्ड विजेता शिल्प गुरु श्वेता कायस्था, मैनपुरी की स्टेट अवार्ड विजेता शिल्प गुरु मेघा कश्यप, तथा विकास वर्मा सहित आगरा, मथुरा, हाथरस और आसपास से आए 20 हस्तशिल्पी अपने हुनर का लाइव प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदर्शनी में पारंपरिक सांझी कला, तारकशी, हाथ थप्पा छपाई, टाई एंड डाई, मधुबनी पेंटिंग, गोंड आर्ट, स्टोन कार्विंग, घास और फसल अवशेष से वस्तु निर्माण, संगमरमर पच्चीकारी और जरी जरदोजी जैसी भारतीय कलाओं को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जा रहा है।

शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों विद्यार्थियों ने भारत की प्राचीन कलाओं को सीखने में गहरी रुचि दिखाई। संयोजक बृजमोहन शर्मा एडवोकेट ने कहा कि हमारे शिल्पी हाथ के हुनर से न केवल भारतीय संस्कृति को सहेज रहे हैं, बल्कि स्वावलंबन का संदेश भी दे रहे हैं।

हैंडीक्राफ्ट विभाग के सहायक निदेशक रंजीत कुमार ने छात्र-छात्राओं को हस्तशिल्प से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया, जबकि एचपीओ श्रीरामजी त्रिपाठी ने कारीगरों के हित में चल रही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री देवेंद्र चुल्लू, जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन विनोद बंसल, डायरेक्टर मोहित बंसल, प्रिंसिपल ममता दुबे, सीनियर कोऑर्डिनेटर अंकिता लवानिया, समन्वयक सुमित शर्मा, और रीमा बैनर्जी उपस्थित रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor