सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसाः 42 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत, टैंकर से टकराकर आग का गोला बनी बस

रियाद। सऊदी अरब में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें उमरा यात्रा पर जा रहे भारतीय तीर्थयात्रियों से भरी एक बस डीज़ल टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई, जिससे 42 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 20 महिलाएं और 11 बच्चे शामिल हैं। अधिकांश मृतक तेलंगाना के हैदराबाद क्षेत्र से बताए जा रहे हैं।

Nov 17, 2025 - 11:13
 0
सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसाः 42 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत, टैंकर से टकराकर आग का गोला बनी बस

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह बस भारतीय यात्रियों को लेकर मदीना जा रही थी, तभी एक डीजल से भरे टैंकर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते बस में आग लग गई। आग में घिरने से बस में सवार अधिकांश लोग नहीं बच सके।

तेलंगाना सरकार ने कहा है कि वह हर पल घटना स्थल से संपर्क में है और मृतकों के शवों को वापस लाने के लिए भारतीय दूतावास के साथ समन्वय किया जा रहा है। सरकार की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्होंने हैदराबाद की दो सरकारी एजेंसियों से संपर्क कर जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के परिजनों को मदद और जानकारी देने के लिए रियाद स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया गया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि स्थानीय प्रशासन की ओर से जानकारी मिलते ही स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

इस दर्दनाक हादसे की खबर से तेलंगाना सहित पूरे भारत में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के परिवार गहरे सदमे में हैं और सरकार से उम्मीद कर रहे हैं कि तेजी से कार्रवाई हो और शवों को जल्द से जल्द भारत लाया जाए।

 

SP_Singh AURGURU Editor