गुरुद्वारा गुरु का ताल में नये यात्री निवास का लोकार्पण, 21 जून को होगा भव्य कीर्तन समागम

आगरा। गुरुद्वारा गुरु का ताल में श्रद्धालुओं की सेवा और ठहराव की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्मित नये यात्री निवास का लोकार्पण शुक्रवार को गुरुद्वारा सेवक जत्थे के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने गुरु तेग बहादुर साहिब के चरणों में अरदास के साथ किया।

Jun 20, 2025 - 18:34
 0
गुरुद्वारा गुरु का ताल में नये यात्री निवास का लोकार्पण, 21 जून को होगा भव्य कीर्तन समागम
गुरुद्वारा गुरु का ताल पर कीर्तन समागम के पोस्टर का लोकार्पण करते सिख समाज के प्रतिनिधिगण।

-संत बाबा प्रीतम सिंह ने किया श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी यात्री निवास का लोकार्पण

यह यात्री निवास बीते तीन वर्षों में निर्मित हुआ है और इसमें हर कमरे को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। परिसर में 100 किलोवाट का सोलर पावर प्लांट लगाया गया है, जिससे यह संपूर्ण भवन ऊर्जा के लिहाज से आत्मनिर्भर है।

कल मनाया जाएगा गुरु तेग बहादुर साहिब का 350वां शहीदी वर्ष

मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा गुरु का ताल में 21 जून (शनिवार) को गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के उपलक्ष्य में विशेष कीर्तन समागम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, गुरुद्वारा शीशगंज साहिब दिल्ली और गुरुद्वारा गुरु का ताल के संयुक्त प्रयासों से संपन्न होगा।

देशभर से पहुंचेगी संगत, प्रमुख कीर्तन जत्थे होंगे शामिल

वीर महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि समागम की शुरुआत शाम 4 बजे होगी और यह रात्रि 12 बजे तक चलेगा। 22 जून को सुबह आसा दी वार का विशेष कीर्तन दिल्ली का अखंड कीर्तन जत्था करेगा। इसके उपरांत सुबह 10 बजे अमृत संचार का आयोजन किया जाएगा।
गुरुद्वारा माईथान के प्रधान कंवलदीप सिंह के अनुसार हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में संगत के आगमन की सूचना मिली है।

गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी, चरण पादुकाएं होंगी दर्शनीय

समागम से पूर्व गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की सवारी पुष्प वर्षा और कीर्तन के साथ गुरुद्वारा मंजी साहिब से भाई नंदलाल हाल तक लाई जाएगी। साथ ही गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब, निजामाबाद (आजमगढ़) से लाई जा रही श्री गुरु नानक देव जी व गुरु तेग बहादुर साहिब जी की चरण पादुकाएं श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु प्रस्तुत की जाएंगी।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है गुरु का ताल

संत बाबा प्रीतम सिंह ने बताया कि यही वह ऐतिहासिक स्थान है, जहां से गुरु तेग बहादुर साहिब ने भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी के साथ गिरफ्तारी दी थी। यहां से दिल्ली ले जाकर उन्हें चांदनी चौक में शहीद कर दिया गया था। यह स्थान आज भी सिख शौर्य और बलिदान का प्रतीक बना हुआ है।

तैयारियों को अंतिम रूप, पोस्टर विमोचन

समारोह की तैयारियों के तहत आज हुए पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मौजूद लोगों में कुलदीप सिंह गुजराल, दलजीत सिंह सेतिया, चौधरी मनजीत सिंह, उपेंद्र सिंह लवली, बंटी चावला, बलजीत सिंह, गुरमुख बियानी, श्याम भोजवानी, पाली सेठी, और सेवक जत्थे के जत्थेदार राजेंद्र सिंह, महंत हरपाल सिंह, ज्ञानी केवल सिंह आदि प्रमुख थे।

SP_Singh AURGURU Editor