भारत एशियन अंडर-16 वॉलीबॉल में जापान को हराकर तीसरे स्थान पर काबिज, आगरा के अप्रितम चमके

बैंकाक। थाईलैंड में आयोजित एशियन अंडर-16 वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत ने कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने शुक्रवार को खेले गए तीसरे स्थान के मुकाबले में जापान को कड़े संघर्ष में 3-2 (सेट स्कोर: 22-25, 25-21, 25-20, 23-25, 15-13) से पराजित किया। इस मुकाबले में भारत की ओर से स्मैशर अप्रितम भदौरिया (बाह-आगरा) ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने टीम के लिए 15 अंक जुटाए और निर्णायक क्षणों में आक्रामक खेल दिखाया। भारत के अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में चरण (19 अंक, 4 ब्लॉक, 1 ऐस) और रफीक अहमद (18 अंक) शामिल रहे। यह मुकाबला पांच सेटों तक चला और दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

Jul 19, 2025 - 18:53
 0
भारत एशियन अंडर-16 वॉलीबॉल में जापान को हराकर तीसरे स्थान पर काबिज, आगरा के अप्रितम चमके
भारत की अंडर-16 वॉलीबॉल टीम की ऐतिहासिक जीत के खुशी मनाती टीम।

-बाह के पैतृक गांव क्वारी में जीत की सूचना मिलते ही मनीं खुशियां, आतिशबाजी

- भारत ने अजेय रहते किया अंडर-17 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई

इससे पहले ग्रुप स्टेज में भारत ने अपने सभी मुकाबले जीतकर अजेय रहते हुए अंडर-17 वॉलीबॉल विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया था।
क्वार्टर फाइनल में भारत ने उज्बेकिस्तान को 25-21, 25-16, 19-25, 18-25, 15-13 से हराया था। हालांकि सेमीफाइनल में पाकिस्तान से करीबी मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने हौसला नहीं खोया और कांस्य पदक जीतकर स्वदेशवासियों का दिल जीत लिया।

क्वारी गांव में मनाया गया जश्न, पिता ने दी सूचना

अप्रितम भदौरिया के पिता मोनू भदौरिया थाईलैंड में ही बेटे के साथ मौजूद हैं। उन्होंने दूरभाष पर जैसे ही गाँव क्वारी (तहसील बाह, आगरा) में टीम की जीत की जानकारी दी, वैसे ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में हर्ष की लहर दौड़ गई।
गांववासियों ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटी। इस अवसर पर परिजन, मित्र और कोचिंग सेंटर के प्रशिक्षक भी खुशी से झूम उठे।

लखनऊ में भी खिलाड़ियों ने दी बधाई

लखनऊ में रहने वाले अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी अजय भदौरिया, राष्ट्रीय खिलाड़ी शरद शर्मा, आशुतोष नेहरू, हृदय नारायण, शंकर देव तिवारी, नरेंद्र काशीबार, आशीष शर्मा, मुकेश शर्मा, निर्देश तिवारी, मुकुल तिवारी, अरुण दुबे उर्फ मुक्कू आदि ने टीम इंडिया को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन भारत की वॉलीबॉल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

SP_Singh AURGURU Editor