जिनपिंग से मिले जयशंकर, पीएम मोदी का संदेश दिया
बीजिंग। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोमवार सुबह शंघाई सहयोग संगठन की बैठक के दौरान बीजिंग में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं और अभिवादन पहुंचाया।
विदेश मंत्री ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “आज सुबह बीजिंग में अपने साथी एससीओ विदेश मंत्रियों के साथ राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिवादन उन्हें पहुंचाया. राष्ट्रपति शी जिनपिंग को हमारे द्विपक्षीय संबंधों के हालिया विकास से अवगत कराया. इस संबंध में हमारे नेताओं के मार्गदर्शन को महत्व देते हैं।”
सूत्रों के अनुसार, जयशंकर और शी जिनपिंग के बीच भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों में हालिया प्रगति, आपसी सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत नेतृत्व स्तर पर संवाद को बेहद अहम मानता है और उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
भारत और चीन के बीच पिछले कुछ सालों में सीमा विवाद और व्यापारिक तनाव के बावजूद बातचीत जारी रखने की कोशिश की जा रही है। बीजिंग में यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब एससीओ जैसे बहुपक्षीय मंच पर दोनों देशों के नेताओं के बीच संवाद को एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।