फागुन की मस्ती, गुलाल की बौछार और श्याम नाम की गूंजः आगरा में 24 फरवरी को निकलेगी बाबा श्याम की भव्य शोभायात्रा

आगरा। फागुन की सुगंध, गुलाल की रंगत और हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयघोष के बीच इस वर्ष भी आगरा श्याम भक्ति में पूरी तरह सराबोर होने जा रहा है। श्री खाटू श्याम जी मंदिर के अष्टम स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर ट्रस्ट, जीवनी मंडी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय रंग रंगीला फागुन महोत्सव के अंतर्गत 24 फरवरी को बाबा श्याम की भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण करेगी, जो पूरे शहर को श्याममय बना देगी।

Feb 21, 2026 - 19:31
 0
फागुन की मस्ती, गुलाल की बौछार और श्याम नाम की गूंजः आगरा में 24 फरवरी को निकलेगी बाबा श्याम की भव्य शोभायात्रा
श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी के अष्टम स्थापना दिवस पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी।

महोत्सव के अंतर्गत मंदिर में अद्भुत मेवा श्रृंगार, पोशाक एवं फूल बंगला दर्शन भी होंगे, जो श्याम प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे। शनिवार को पुरुषोत्तम ग्रीन, रिंग रोड पर आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।

श्रीमनःकामेश्वर से जीवनी मंडी तक श्याममय होगा नगर

यात्रा संयोजक अजय गर्ग (अवागढ़) ने बताया कि 24 फरवरी, मंगलवार को प्रातः 11 बजे शोभायात्रा श्री मनकामेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर राम बरात मार्ग, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, मोतीगंज, कचहरी घाट, बेलनगंज होते हुए जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचेगी। मातंगी टावर, जीवनी मंडी चौराहा पर महाआरती के साथ शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।

झांकियां, बैंड, अखाड़ा और इत्र की वर्षा

इस वर्ष शोभायात्रा में 50 से 60 भव्य झांकियां शामिल होंगी। नासिक और पुणे से विशेष बैंड दल बुलाए गए हैं। महाकाल की सवारी, काली का अखाड़ा, चंग धमाल, महाकाल लोक के दर्शन, तोप से फूलों और गुलाल की वर्षा शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे। हजारों श्रद्धालु पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा और महिलाएं गुलाबी साड़ी के ड्रेस कोड में हाथों में निशान लेकर नंगे पांव पदयात्रा करेंगे। पूरे मार्ग में गुलाल, इत्र और पुष्प वर्षा से वातावरण भक्तिमय रहेगा।

यातायात और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था

अजय गर्ग ने बताया कि यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर 23 फरवरी को एसीपी छत्ता के साथ बैठक होगी। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि 24 फरवरी को सुबह 6 बजे से शोभायात्रा मार्ग पर किसी भी टेंपो का प्रवेश नहीं होगा।
सभी झांकियां एक दिन पूर्व यमुना किनारे मार्ग पर व्यवस्थित रूप से खड़ी कर दी जाएंगी। यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी नवीन गौतम और विकास भारद्वाज को सौंपी गई है। बाबा के डोले के श्रृंगार की व्यवस्था विपिन बंसल संभालेंगे।

दस दिन, दस रंग-फागुन की अनूठी होली

ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि 23 फरवरी से 4 मार्च तक मंदिर परिसर में प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार की होली खेली जाएगी। मेहंदी, फल, टॉफी-चॉकलेट, मेवा, चंदन और फूलों की होली। 24 फरवरी को अष्टम स्थापना दिवस पर श्याम बाबा का विशेष मेवा श्रृंगार और फूल बंगला दर्शन होंगे।
27 फरवरी को रंग भरनी एकादशी पर विशेष आयोजन तथा 4 मार्च को जयपुर से मंगाए गए गुलाल के गोटों से भव्य गुलाल होली खेली जाएगी।

विभिन्न समितियों की सहभागिता

मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा में श्री रामलीला कमेटी, मंगलमय परिवार, श्री गिरिराज जी सेवा मंडल, श्री श्याम लाडला परिवार, श्री आगरा नरेश राम भक्त सेवा समिति सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं झांकी सेवा देंगी।

आमंत्रण पत्र विमोचन में ये रहे उपस्थित

मुरारी प्रसाद अग्रवाल, विकास गोयल, विपिन बंसल, अनूप गोयल, अमित गोयल, रिंकेश अग्रवाल, गौरव बंसल, नवीन गौतम, विकास भारद्वाज, सुनील अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, श्री राम धाकड़, धीरज, सोनू गोयल, अखिल मोहन मित्तल, अजय गोयल, मनीष गोयल, आकाश गुप्ता, मनीष बंसल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor