हर्ष दुबे और टीम से मिले जेपी नड्डा,  सीजेपी के दीपके ने पूछा - 21 अगस्त के आंदोलन पर पीएम मोदी क्या कहते हैं

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने जंतर-मंतर पर हुए आरक्षण सुधार आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने एक पोस्ट किया। इस पर अब सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने रिएक्ट किया।

Aug 27, 2026 - 21:08
 0
हर्ष दुबे और टीम से मिले जेपी नड्डा,  सीजेपी के दीपके ने पूछा - 21 अगस्त के आंदोलन पर पीएम मोदी क्या कहते हैं


 
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ के सदस्यों से गुरुवार (27 अगस्त) को मुलाकात की। इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर भी की है। अब जेपी नड्डा के पोस्ट पर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सरकार को घेरा है। उन्होंने सवाल किया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने यह क्यों नहीं बताया कि जंतर-मंतर पर 21 अगस्त को हुआ विरोध प्रदर्शन किसलिए था?

अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार को घेरते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''21 अगस्त के जिस आंदोलन का केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा जी नाम नहीं ले रहे हैं, उस आंदोलन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का क्या कहना है? ये देश जानना चाहता हैं।''

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''21 अगस्त को जंतर मंतर पर हुए आंदोलन के बाद पूर्व निर्धारित समय के अनुसार हर्ष दुबे, रण बहादुर सिंह चौहान और मृत्युंजय पाठक, टीम के सदस्यों से सौहार्द पूर्ण वार्ता हुई। इस क्रम में हम जल्द ही फिर मिलेंगे।'' 

वहीं इस मुलाकात के बाद हर्ष दुबे ने कहा, "सर्व समाज के हित में सकारात्मक पहल। आज हमारी टीम ने जेपी नड्डा जी से मुलाकात की। इस दौरान 21 अगस्त को हुए प्रदर्शन के संबंध में उनसे संक्षिप्त चर्चा हुई। यह मुलाकात संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम बहुत जल्द पुनः मुलाकात करेंगे और सर्व समाज के हित में एक सकारात्मक एवं न्यायसंगत निर्णय के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे। हमारा उद्देश्य किसी भी वर्ग के विरुद्ध नहीं, बल्कि समान अवसर, न्यायसंगत व्यवस्था और राष्ट्रहित में आवश्यक सुधार के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना है। आगे की जानकारी और निर्णय के संबंध में शीघ्र ही आधिकारिक रूप से सूचित किया जाएगा।"

कॉकरोच जनता पार्टी ने नीट पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर कई दिनों तक प्रदर्शन किया था। इसके बाद 21 अगस्त को इसी जंतर-मंतर पर एक नया प्रदर्शन शुरू किया गया था। जिसका नेतृत्व नीट की तैयारी करने वाले हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक और अन्य साथियों ने किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारी आरक्षण और यूजीसी नियमों के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए थे। ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ के बैनर तले ये प्रदर्शनकारी जुटे थे। इसमें कई अन्य संगठन के सदस्य भी शामिल हुए थे।