कोर्ट मैरिज का झांसा देकर बुलाया, सात माह की गर्भवती प्रेमिका को बरेली में डीएम दफ्तर के बाहर छोड़ भागा प्रेमी, रोती-बिलखती युवती ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

-आरके सिंह- बरेली। प्रेम प्रसंग में विश्वासघात का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सात माह की गर्भवती युवती ने आरोप लगाया है कि उसके प्रेमी ने कोर्ट मैरिज करने का झांसा देकर उसे गाजियाबाद से बरेली बुलाया और फिर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर छोड़कर फरार हो गया। काफी देर तक डीएम कार्यालय के बाहर रोती-बिलखती रही युवती ने प्रशासन से न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Jun 10, 2026 - 22:23
 0
कोर्ट मैरिज का झांसा देकर बुलाया, सात माह की गर्भवती प्रेमिका को बरेली में डीएम दफ्तर के बाहर छोड़ भागा प्रेमी, रोती-बिलखती युवती ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
प्रतीकात्मक इमेज।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा की रहने वाली है और पिछले कई वर्षों से गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी कर रही है। युवती का कहना है कि उसकी मुलाकात एक मित्र की शादी में बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव घघोरा घघोरी निवासी आतिफ से हुई थी। मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आतिफ उसे गाजियाबाद के एक होटल में रखता था, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आतिफ ने कोर्ट मैरिज कराने का भरोसा दिलाया और उसे बरेली बुला लिया।

युवती के मुताबिक, बरेली पहुंचने के बाद आतिफ उसे सीधे जिलाधिकारी कार्यालय लेकर आया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसे अकेला छोड़कर फरार हो गया। आरोप है कि इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ कर लिया। खुद को ठगा महसूस कर रही गर्भवती युवती काफी देर तक डीएम कार्यालय के बाहर रोती रही और मदद की गुहार लगाती रही।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि जानकारी मिली थी कि एक महिला जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर परेशान अवस्था में बैठी है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी आतिफ उसके साथ विवाह करे और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को अपना नाम दे। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

SP_Singh AURGURU Editor