ममता सरकार जाएगी, बंगाल में खिलेगा कमल; मुसलमान भी देंगे भाजपा को वोट, मथुरा में बोले रमेश पोखरियाल ‘निशंक’

मथुरा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सरकार बदलेगी। ममता बनर्जी की सरकार का जाना तय है। वहां के आगामी चुनावों में मुसलमान समाज भी भाजपा को वोट देगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुसलमानों में सभी गुंडे या बदमाश नहीं होते, उनमें बड़ी संख्या में अच्छे, राष्ट्रवादी और देशहित सोचने वाले लोग हैं, जो अब भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं।

Jan 12, 2026 - 20:25
 0
ममता सरकार जाएगी, बंगाल में खिलेगा कमल; मुसलमान भी देंगे भाजपा को वोट, मथुरा में बोले रमेश पोखरियाल ‘निशंक’
मथुरा में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॊ. रमेश पोखरियाल निशंक का स्वागत करते डॊ. डॊ. कमलकांत उपमन्यु और मथुरा बार एसोसिएशन के पदाधिकारी।

श्री निशंक मथुरा में राष्ट्रीय पत्रकार संगठन एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ब्रज प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट के छावनी क्षेत्र स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर कर रहे थे। इस मौके पर डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ का भव्य स्वागत भी किया गया। डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने उन्हें स्मृति चिह्न भी दिया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, सचिव शिवकुमार लवानिया, क्षेत्रीय पार्षद एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

निशंक ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भ्रष्टाचार की जांच के लिए संवैधानिक एजेंसी है और वह अपना कार्य कर रही है। ममता बनर्जी द्वारा ईडी टीम के साथ किया गया व्यवहार पूरी तरह गलत है। इसका सीधा संदेश यही जाता है कि वे भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि पश्चिम बंगाल में अब ममता सरकार दोबारा नहीं बनने जा रही।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए निशंक ने कहा कि योगी आज आस्था के केंद्र बन चुके हैं और वे प्रदेश में पूरी निष्ठा व ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्मरण कराया कि संसद में वे और योगी आदित्यनाथ साथ-साथ बैठते थे। केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने धर्मस्थलों और पुजारियों से जुड़ी जो नीतियां बनाई थीं, उन्हें योगी आदित्यनाथ से साझा किया था। योगी सरकार उस दिशा में सही कार्य कर रही है, हालांकि धर्मस्थलों में अभी और सुव्यवस्था की आवश्यकता है, जिस पर भी कार्य होगा।

निशंक ने उत्तराखंड सरकार की भी सराहना करते हुए कहा कि वहां का युवा मुख्यमंत्री बेहतर कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होने वाले आगामी चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के दौर को याद करते हुए कहा कि अटल जी के नेतृत्व में ममता बनर्जी नियंत्रित रहीं, लेकिन अब वैसी स्थिति नहीं है, इसलिए पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन तय है।

कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, सचिव शिवकुमार लवानिया, अधिवक्ता सौरभ गुप्ता, योगेश तिवारी एडवोकेट, पूर्व पार्षद चौधरी वीरेंद्र सिंह, पूर्व कमिश्नर चंद्रपाल सिंह पोनिया, डॉ. मुकेश शर्मा, राजवीर सिंह रावत, कैप्टन आर.सी. शर्मा, बॉबी गौतम, हवलदार हरवीर सिंह चाहर, अमर सिंह चौधरी, सुरेश सैनी, नंद किशोर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor