श्रीजगन्नाथ मंदिर में गूंजा गीता का संदेश: 18 अध्यायों के सामूहिक पाठ संग मनाई गीता जयंती

मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती के शुभ अवसर पर आगरा के श्रीजगन्नाथ मंदिर (स्कॉन) में भक्तिभाव, संकीर्तन और शास्त्रपाठ का पावन संगम देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए गीता-उपदेश के अवतरण दिवस पर श्रद्धालुओं ने 18 अध्यायों के श्लोकों का सामूहिक पाठ कर दिव्यता और भक्ति का अनुभव किया। मंदिर परिसर फूल बंगले, संकीर्तन और गीता दान के पावन कार्यक्रमों से सराबोर रहा।

Dec 1, 2025 - 19:30
 0
श्रीजगन्नाथ मंदिर में गूंजा गीता का संदेश: 18 अध्यायों के सामूहिक पाठ संग मनाई गीता जयंती
श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में गीता जयंती अवसर पर आयोजित भव्य फूल बंगले और संकीर्तन के बीच भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र का दिव्य श्रंगार की एक झलक।

आगरा। श्रीमद्भगवद्गीता, जिसका उपदेश स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत के युद्धक्षेत्र कुरुक्षेत्र में अर्जुन को आज ही के दिन लगभग पांच हजार वर्ष पूर्व दिया था, उसका अवतरण दिवस पूरे देश में गीता जयंती के रूप में मनाया जाता है। मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की एकादशी को मोक्षदा एकादशी कहा जाता है, क्योंकि इसी दिन मोक्षदायिनी गीता का प्रादुर्भाव हुआ।

कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में सोमवार को गीता जयंती और मोक्षदा एकादशी का पावन पर्व बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि यह दिन हर उस व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है जो जीवन में कर्म, संयम, आस्था और धर्मपरायणता का मार्ग अपनाना चाहता है।

शाम को आयोजित कार्यक्रम में हरे राम–हरे कृष्णा संकीर्तन के साथ भव्य फूल बंगले का दिव्य आयोजन किया गया। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलभद्र का विशेष लाल पोशाकों से अलंकरण किया गया। उनकी शोभा देखते ही बनती थी।

संध्याकाल में गीता के सभी 18 अध्यायों के श्लोकों का संस्कृत में सामूहिक पाठ किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे मनोयोग से इस आध्यात्मिक पाठ में भाग लिया।

गीता जयंती पर मंदिर एवं भक्तों द्वारा श्रीमद्भगवत गीता दान कार्यक्रम भी संचालित किया गया। संदेश दिया गया कि नई पीढ़ी गीता को पढ़कर जीवन में सदाचार, संयम और श्रेष्ठ कर्म का मार्ग अपनाए।

अरविन्द प्रभु ने बताया कि 14 दिसंबर को सूरसदन सभागार में गीता ओलम्पियाड समारोह आयोजित होगा, जिसमें शहर के लगभग 200 स्कूलों से आए चयनित विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शैलेन्द्र अग्रवाल, कामता प्रसाद अग्रवाल, आशु मित्तल, सुशील अग्रवाल, सुनील मनचंदा, संजीव मित्तल, संजीव बंसल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, हरिदास, अदिति गौरांगी, शाश्वत नन्दलाल, ज्योति बंसल, संजय कुकरेजा आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor