एमएलसी शिक्षक चुनाव-हरि किशोर तिवारी के समर्थन में चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने वापस लिए नामांकन

Oct 10, 2026 - 18:32
 0
एमएलसी शिक्षक चुनाव-हरि किशोर तिवारी के समर्थन में चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने वापस लिए नामांकन
भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चार निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के मौके पर मौजूद एमएलसी विजय शिवहरे, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता आदि।

भोज कुमार शर्मा, तपेश शर्मा, मदन मोहन शर्मा और सोनू मुग्दल ने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की,भाजपा ने जीत का अंतर बढ़ने का किया दावा 

आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के समर्थन में राजनीतिक समीकरण मजबूत करने का दावा किया है। आगरा में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के समर्थन में चार निर्दलीय प्रत्याशियों भोज कुमार शर्मा, तपेश शर्मा, मदन मोहन शर्मा और सोनू मुग्दल ने नामांकन वापस लेने की घोषणा की। भाजपा नेताओं ने इसे पार्टी की नीतियों और केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों के प्रति बढ़ते समर्थन का संकेत बताया।

इस संबंध में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में सत्ता लाला फूड कोर्ट में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने अपने समर्थकों से भी हरि किशोर तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील करने का संकल्प जताया।

भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर समर्थन देने का दावा

प्रेस वार्ता में बताया गया कि निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा की राष्ट्रसेवा, ‘सबका साथ, सबका विकास’ की विचारधारा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर हरि किशोर तिवारी के समर्थन का निर्णय लिया है। भाजपा नेताओं के मुताबिक, इन प्रत्याशियों के समर्थन से शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी। चार प्रत्याशियों के समर्थन की घोषणा को भाजपा चुनाव अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि अब कार्यकर्ता और समर्थक एकजुट होकर अधिकृत प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुटेंगे।

केंद्र और प्रदेश सरकार पर जनता को भरोसा: विजय शिवहरे

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रसेवा और जनहितकारी नीतियों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। विजय शिवहरे ने विश्वास जताया कि विधान परिषद चुनाव में भी पार्टी को व्यापक समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के आधार पर पार्टी प्रत्याशी मतदाताओं के बीच अपनी बात रख रहे हैं।

नए साथियों के जुड़ने से जीत का अंतर बढ़ने का दावा

भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी और मानवेंद्र सिंह मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने दोनों प्रत्याशियों की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि चार निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन से पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी तथा जीत का अंतर बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन चुनाव को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक शिक्षक मतदाता भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करें।

कॉलेजों के शिक्षकों से संपर्क, शत-प्रतिशत मतदान पर जोर

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने कहा कि जिले के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। आगरा जिले के विभिन्न कॉलेजों के शिक्षकों से संवाद कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सक्रिय हैं। शिक्षकों तक पार्टी की नीतियों और प्रत्याशियों के पक्ष को पहुंचाने के लिए संगठन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

समर्थकों से हरि किशोर तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील

नामांकन वापसी और समर्थन की घोषणा करने वाले चारों निर्दलीय प्रत्याशियों ने हरि किशोर तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील की। मदन मोहन शर्मा के हरीकिशोर तिवारी से पारवारिक रिश्ते भी हैं। एबीवीपी  से छात्र राजनीति की शुरुआत करने वाले मदन सपा छात्र सभा के अध्यक्ष रहे। इसके बाद वह भाजपा से जुड़ गए। छात्र जीवन के बाद वह शिक्षक हो गए पर अपने मधुर व्यवहार के चलते उनके रिश्ते हर दल में हैं। उन्होंने अपने समर्थकों से भी पूरी ईमानदारी, लगन और निष्ठा के साथ भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने तथा उन्हें वोट देने का आग्रह करने की बात कही। प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने संगठन की एकजुटता और चुनावी तैयारियों को जीत का आधार बताया। पार्टी का दावा है कि निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन से शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उसका जनाधार और मजबूत होगा।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनूप गुप्ता, एमएलसी एवं प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, चुनाव के ब्रज क्षेत्र संयोजक हेमेंद्र शर्मा, आगरा महानगर शिक्षक चुनाव संयोजक विकास भारद्वाज, सह संयोजक राहुल सागर, संतोष कटारा, महानगर मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, विकास गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश चाहर और मनीष थापक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।