बड़े बकायेदारों के नाम नगर निगम दफ्तरों पर चस्पा, सुपरवाइजर निलंबित

  आगरा। बार-बार नोटिसों के बाद भी गृहकर जमा न करने वाले बड़े बकायेदारों की सूची सार्वजनिक करने का निर्णय नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने लिया है। नगरायुक्त के आदेश पर सोमवार को नगर निगम मुख्यालय के बाहर और जोनल कार्यालयों पर बड़े बकायेदरों की सूची चस्पा कर दी गयी है। इसके साथ ही सफाई ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया गया है। 

Dec 3, 2024 - 18:09
 0
बड़े बकायेदारों के नाम नगर निगम दफ्तरों पर चस्पा, सुपरवाइजर निलंबित

नगरायुक्त के आदेश के बाद सूरसदन स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर बड़े और पुराने बकायेदारों की सूची चस्पा भी कर दी गई है। फिलहाल नगर निगम के चारों जोनल कार्यालयों के बाहर दस -दस बड़े बकायेदारों की सूची चस्पा करने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद अन्य बकायेदारों की सूची भी सार्वजनिक की जाएगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि इस समय गृहकर के रुप में 3,75,67.904 रुपयें बकाया चला आ रहा है। इसे वसूलने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। जिन बकायेदारों की सूची सार्वजनिक की जा रही है अगर उन्होंने बकाया गृहकर जमा नहीं कराया तो जल्द उनके खिलाफ खाता सीज और कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी के अनुसार पिछले सप्ताह ही पन्द्रह बड़े बकायेदारों की खातों को सीज किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर के होटल, मैरिजहोम, हॉस्पीटल के संचालक भी हैं, जिन्होंने निगम को टैक्स जमा नहीं कराया है। नगरायुक्त ऐसे लोगों की भी सूची बनाकर उन पर कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।

नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि जो पुराने और बड़े बकायेदार गृहकर जमा नहीं करा रहे हैं उनसे वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। असुविधा से बचने के लिए सभी बकायेदार समय से अपना टैक्स नगर निगम को जमा कराएं।

निलंबित सुपरवाइजर सरन लाल का वार्ड नारकीय हालत में था

आगरा। कार्य में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त ने एक सफाई नायक को निलंबित कर दिया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा विगत दिनों वार्ड 14 कछपुरा के निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने पर सफाई नायक के निलंबन की संस्तुति की गई थी।

निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. संजीव वर्मा द्वारा वार्ड में कई स्थानों पर सीएंडडी वेस्ट पाया गया था। नालियों में सिल्ट भरा हुआ था। वार्ड में तैनात 35 सफाई मित्रों में से 26 सफाई मित्र ही कार्य पर उपस्थित पाये गये थे। पूछे जाने पर सफाई नायक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया था। इसके बाद नगर स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा नगर आयुक्त को अपनी रिपोर्ट प्रेषित की गई थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि वार्ड में कार्यरत सफाई नायक द्वारा कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही है। जिसके कारण वार्ड की सफाई व्यवस्था नारकीय स्थिति में है। सफाई नायक सरन लाल वार्ड 14 कछपुरा को तत्काल प्रभाव से निलंबन की संस्तुति की जाती है।

SP_Singh AURGURU Editor