होम्योपैथी की बदहाली पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मंथन, आगरा के डॉ. पार्थ सारथी शर्मा सम्मानित; राजगीर में होगा राष्ट्रीय सेमिनार

आगरा/कोलकाता। कोलकाता के सियालदह स्थित मौलाली युवा केंद्र में आइडियल होम्योपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी (NEC) की बैठक में सरकारी अस्पतालों में होम्योपैथिक औषधियों की आपूर्ति और होम्योपैथिक चिकित्सकों से एलोपैथिक दवाओं के वितरण के मुद्दे पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने इन समस्याओं से भारत सरकार के आयुष मंत्री को अवगत कराने और देशभर में आयुष के होम्योपैथिक चिकित्सकों से नियमानुसार होम्योपैथिक औषधियों से उपचार कराने की मांग करने का निर्णय लिया। बैठक में आगामी राष्ट्रीय सेमिनार फरवरी 2027 में बिहार के राजगीर में आयोजित करने की घोषणा भी की गई तथा इसके सफल आयोजन की जिम्मेदारी के लिए आगरा के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. पार्थ सारथी शर्मा को सम्मानित किया गया।

Sep 28, 2026 - 22:07
 0
होम्योपैथी की बदहाली पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मंथन, आगरा के डॉ. पार्थ सारथी शर्मा सम्मानित; राजगीर में होगा राष्ट्रीय सेमिनार
कोलकाता के मौलाली युवा में हुई आइडियल होम्योपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आगरा के डॊ. पार्थ सारथी शर्मा को सम्मानित करते पदाधिकारी।

महात्मा डॉ. सैमुअल हनीमैन की मूर्ति पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ बैठक की शुरुआत हुई। इसके बाद आइडियल होम्योपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जे. एन. सिंह रघुवंशी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समक्ष संगठन की गत वर्षों की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में आयुष मंत्रालय से संबंधित विभिन्न विषयों और विसंगतियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

डॉ. रघुवंशी ने कहा कि आयुष मंत्रालय बनने के बाद भी आयुष पद्धतियां, विशेषकर होम्योपैथी, धरातल पर अपेक्षित रूप से स्थापित नहीं हो पा रही हैं। बैठक में बिहार से आए सरकारी होम्योपैथिक चिकित्सकों ने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में होम्योपैथिक औषधियों की आपूर्ति नहीं हो रही है और सिविल सर्जन के आदेश पर सरकारी होम्योपैथिक चिकित्सकों से एलोपैथिक दवाइयां वितरित कराई जा रही हैं।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने इस विषय को भारत सरकार के आयुष मंत्री के समक्ष रखने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। संगठन की ओर से मांग की गई कि पूरे देश में आयुष के होम्योपैथिक चिकित्सकों से जनहित में कानूनी प्रावधानों के अनुरूप होम्योपैथिक औषधियों से ही उपचार कराया जाए।

राष्ट्रीय महासचिव डॉ. एन.एस. रघुराम ने आगामी राष्ट्रीय सेमिनार के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फरवरी 2027 में बिहार के राजगीर में राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार के सफल आयोजन की जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. पार्थ सारथी शर्मा को सम्मानित किया गया।

बैठक में मानद अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन पाल, बंगाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. पार्थ सारथी शर्मा, उत्तर प्रदेश मंचासीन रहे। विभिन्न प्रदेशों से आए वरिष्ठ चिकित्सकों में डॉ. पी.के. चटर्जी, बंगाल, डॉ. राम अयोध्या ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिहार, डॉ. सुतापा गोहा, झारखंड, डॉ. आर.एन. सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश, डॉ. कुसुमाकर, उत्तर प्रदेश, डॉ. के.के. सिंह, डॉ. डी.के. पटेल और डॉ. सहदेव सहित विभिन्न प्रदेशों के आजीवन सदस्य, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव और वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।

पूरे आयोजन का संयोजन आइडियल होम्योपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की कोलकाता शाखा ने किया। आयोजन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय सहायक सचिव डॉ. अमित कुमार की देखरेख और नेतृत्व में संपन्न हुई।

SP_Singh AURGURU Editor