इंदिरा गांधी पर अभद्र टिप्पणी मामले में न्यू आगरा पुलिस ने शुरू की जांच
आगरा। भूतपूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी के प्रति सोशल मीडिया पर अभद्र और अश्लील टिप्पणी के मामले में थाना न्यू आगरा पुलिस ने कोर्ट के आदेशानुसार जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना न्यू आगरा के एसएसआई नीरज त्रिपाठी ने केस दर्ज होने के बाद राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा के बयान दर्ज किए।
मामला 11 मई 2025 का है, जब जितेंद्र तोमर उर्फ जीतू ठाकुर नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर भारत रत्न इंदिरा गांधी के खिलाफ अत्यंत अमर्यादित और अश्लील टिप्पणी पोस्ट की। इस पोस्ट से आहत होकर वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने 13 मई 2025 को थाना न्यू आगरा में एफआईआर दर्ज करने हेतु प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस द्वारा एफआईआर न करने पर शर्मा ने सीजेएम मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। कोर्ट ने थाने से रिपोर्ट मांगते हुए मामले में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इस आदेश के बाद थाना न्यू आगरा पुलिस ने मामले में औपचारिक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, आरोपी की पहचान तथा संबंधित अन्य साक्ष्यों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।