चमड़ा उद्योग को नई उड़ान: पूरन डावर बने राष्ट्रीय विकास परिषद के चेयरमैन, गोपाल गुप्ता भी सदस्य नामित
आगरा। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने आगरा के प्रतिष्ठित उद्यमी पूरन डावर को फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद का चेयरमैन नियुक्त किया है। यह नामांकन चमड़ा और फुटवियर क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान और नेतृत्व क्षमता की राष्ट्रीय मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।
इसी अधिसूचना के तहत आगरा की एचसी ओवरसीज के चेयरमैन गोपाल गुप्ता को भी परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है। दोनों की नियुक्तियों को लेकर आगरा के औद्योगिक संगठनों एवं निर्यातक वर्ग में उत्साह और गर्व का वातावरण है।
25 सदस्यीय पैनल का गठन
सरकार द्वारा जारी गजट अधिसूचना के अनुसार परिषद में कुल 25 सदस्यों को नामित किया गया है, जिनमें 11 सदस्य विभिन्न सरकारी विभागों से और शेष 14 सदस्य देश के प्रमुख उद्योगों से जुड़े विशेषज्ञ हैं।
पूरन डावर की भूमिका और उम्मीदें
पूरन डावर वर्तमान में काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स (सीएलई) के नॉर्दर्न रीजनल चेयरमैन एवं आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) के अध्यक्ष के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें इस नई जिम्मेदारी से भारतीय चमड़ा और फुटवियर उद्योग को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अधिक सक्षम बनाने की दिशा में रणनीतिक बढ़त मिलने की उम्मीद है।
उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि पूरन डावर के अनुभव और विज़न से परिषद को नीतिगत मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे उत्पादन, निर्यात, कौशल विकास और ब्रांड इंडिया को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।
शुभकामनाओं की बौछार
देशभर के निर्यातकों, व्यापारिक संगठनों और उद्योग दिग्गजों द्वारा श्री डावर और श्री गुप्ता को हार्दिक बधाइयाँ दी जा रही हैं। दोनों से परिषद के कार्यों में गतिशीलता और व्यावसायिक दृष्टिकोण लाने की उम्मीद जताई जा रही है।