भावनात्मक शिक्षा की नई क्रांति: आगरा से देशभर में शुरू हुआ 'फील सील' अभियान

आगरा। देश की शिक्षा प्रणाली में एक बदलाव की बुनियाद आगरा से रखी गई, जहां पहली बार भावनात्मक शिक्षा को केंद्र में रखकर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 'फीलिंग माइंड्स' संस्था और 'हेमा फाउंडेशन' द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम ने न केवल भावनात्मक बुद्धिमत्ता, जीवन मूल्यों और मानसिक स्वास्थ्य को जोड़ने की पहल की, बल्कि स्कूल शिक्षा में एक नई वैचारिक क्रांति की शुरुआत भी की।

Jul 26, 2025 - 17:27
 0
भावनात्मक शिक्षा की नई क्रांति: आगरा से देशभर में शुरू हुआ 'फील सील' अभियान
फील सील ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं हेमा फाउंडेशन सम्मान समारोह में सहयोग के लिए क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्राचार्या जे. सिलास और एमडी जैन इंटर कॉलेज के प्राचार्य गंधार लाल जैन को सम्मानित करते डॉ. कुलभूषण शर्मा और डॉ. सुशील गुप्ता। साथ हैं डॉ. चीनू अग्रवाल और डॉ. रविंद्र अग्रवाल।

सिकंदरा बोदला रोड स्थित फीलिंग माइंड्स संस्था के कार्यालय में देश की पहली फील-सील ओरिएंटेशन वर्कशॉप और हेमा फाउंडेशन सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. कुलभूषण शर्मा (अध्यक्ष, नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल्स एलायंस) ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा के अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, बिन्नी शर्मा और रूबी शर्मा ने भी इसमें सहभागिता की।

'फील सील' का पुनः शुभारंभ कर स्कूलों में इमोशनल एजुकेशन लैब की योजना

कार्यक्रम की सूत्रधार डॉ. चीनू अग्रवाल (संस्थापक, फीलिंग माइंड्स और ट्रस्टी, हेमा फाउंडेशन) ने बताया कि वर्ष 2016 में शुरू हुआ यह कार्यक्रम कोविड-19 के दौरान रुका रहा, लेकिन अब इसे पूरे देश में विस्तारित किया जा रहा है। दुबई की कुवैत हेल्थ डेवलपमेंट अथॉरिटी से मान्यता प्राप्त यह कार्यक्रम मानसिक रोगों की रोकथाम व उपचार में भी सहायक सिद्ध होगा।

राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण ऑनलाइन मोड में चलेगा छह माह तक

महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से आए प्रशिक्षकों ने कार्यशाला में भाग लिया। यह प्रशिक्षण आगामी छह माह तक ऑनलाइन मोड में भी चलेगा, जिसमें शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल होंगे।

शिक्षा के मूल में भावनात्मक बुद्धिमत्ता की आवश्यकता

डॉ. कुलभूषण शर्मा ने कहा, बच्चों के सम्पूर्ण विकास में भावनात्मक शिक्षा महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह मंच इसी दिशा में एक सशक्त कदम है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा, बच्चों के आत्मविश्वास और सामाजिक समझ को मज़बूत करने में यह पहल अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।

हेम सीड्स कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान समारोह

हेमा फाउंडेशन द्वारा हेम सीड्स (सामाजिक, भावनात्मक और नैतिक विकास) प्रोग्राम के तहत क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्राचार्या जे. सिलास और एमडी जैन इंटर कॉलेज के प्राचार्य गंधार लाल जैन को हेम श्री सम्मान प्रदान किया गया।

हेम स्टार सम्मान देव कुशवाहा (एमडी जैन इंटर कॉलेज) और विहानी धानिक (प्रीलूड पब्लिक स्कूल) को दिया गया। कार्यशाला के संचालन की जिम्मेदारी शैलेश अग्रवाल ने निभाई जबकि समस्त व्यवस्थाएं डॉ. रविंद्र अग्रवाल के निर्देशन में संपन्न हुईं।

SP_Singh AURGURU Editor