आगरा में नए साल में ट्रैफिक मैनेजमेंट, आईटीएमएस और ‘मेरा आगरा’ ऐप पर रहेगा खास फोकस

आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को आगरा स्मार्ट सिटी की 39 वीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में जहां अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा हुई, वहीं नए साल 2026 में स्मार्ट सिटी के तहत किए जाने वाले कार्यों को लेकर भी स्पष्ट दिशा तय की गई।

Dec 29, 2025 - 19:23
 0
आगरा में नए साल में ट्रैफिक मैनेजमेंट, आईटीएमएस और ‘मेरा आगरा’ ऐप पर रहेगा खास फोकस
स्मार्ट सिटी की बैठक में मौजूद मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह।

आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह  की अध्यक्षता में सोमवार को आगरा स्मार्ट सिटी की 39 वीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में जहां अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा हुई, वहीं नए साल 2026 में स्मार्ट सिटी के तहत किए जाने वाले कार्यों को लेकर भी स्पष्ट दिशा तय की गई।

बैठक में बताया गया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत स्थापित 63 एटीसीएस जंक्शन में से 11 जंक्शन मेट्रो निर्माण कार्य के कारण प्रभावित हैं। वर्तमान में 42 जंक्शन एटीसीएस मोड पर संचालित हो रहे हैं, जबकि 10 जंक्शन ब्लिंक मोड पर हैं। ब्लिंक मोड पर चल रहे 10 जंक्शन में से 6 को शिफ्ट करने की आवश्यकता बताई गई। इस पर मण्डलायुक्त ने एडीसीपी ट्रैफिक को निर्देश दिए कि जरूरत के अनुसार जंक्शन शिफ्ट कर सभी जंक्शन को एटीसीएस मोड पर संचालित कराया जाए, ताकि नए साल में ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक सुचारु हो सके।

इसी प्रकार, 43 आईटीएमएस  जंक्शन में से 11 जंक्शन मेट्रो कार्य के चलते प्रभावित हैं। इसके कारण पिछले दो महीनों में ट्रैफिक वॉयलेशन की संख्या में कमी आई है। बैठक में कैमरों में कैद ट्रैफिक उल्लंघन और जनित चालानों का डेटा प्रस्तुत किया गया। अपेक्षाकृत कम चालान होने पर एडीसीपी ट्रैफिक को कमियों में सुधार कर चालानों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिससे नए साल में ट्रैफिक अनुशासन और सख्त किया जा सके।

‘मेरा आगरा’ ऐप के प्रचार को मिलेगी नई रफ्तार

सिटी ऐप ‘मेरा आगरा’ को लेकर बताया गया कि नगर निगम की एलईडी स्क्रीनों पर ऐप का प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया गया है। ऐप में अब पब्लिक फीडबैक फीचर भी जोड़ दिया गया है, जिसके माध्यम से शहरवासी नगर निगम और स्मार्ट सिटी सुविधाओं में सुधार को लेकर अपने सुझाव दे सकेंगे। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि नए साल में सोशल मीडिया के माध्यम से भी ‘मेरा आगरा’ ऐप का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इससे जुड़ सकें।

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स की समीक्षा

बैठक में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत सभी प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि एक प्रोजेक्ट को छोड़कर सभी प्रोजेक्ट पूर्ण कर संबंधित विभागों को हैंडओवर किए जा चुके हैं। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 की ऑडिटर एवं ड्राफ्ट डायरेक्टर्स रिपोर्ट भी बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की गई।

नए साल में क्या रहेगा फोकस

नए साल पर सभी ट्रैफिक जंक्शन को एटीसीएस मोड पर लाना, आईटीएमएस के माध्यम से ट्रैफिक उल्लंघन पर सख्ती, ‘मेरा आगरा’ ऐप को नागरिक सहभागिता का मजबूत प्लेटफॉर्म बनाना, पूर्ण हुए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स का बेहतर संचालन और रखरखाव पर जोर रहेगा।  

बैठक में रहे मौजूद

बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ अंकित खंडेलवाल, आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष  एम. अरून्मौझी, एडीसीपी ट्रैफिक हिमांशु गौरव, सीएस ईशा भारद्वाज, सीएफओ राहुल अग्रवाल, चीफ डेटा ऑफिसर  सौरभ अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।