मुफ्त टैबलेट पाकर डेढ़ सौ नर्सिंग प्रशिक्षुओं के चेहरे खिल उठे
आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार की स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत रवि स्कूल ऑफ नर्सिंग, शास्त्रीपुरम में शनिवार को छात्र-छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट वितरित किये गये। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और मुस्कान देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता एडवोकेट द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह कदम युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। डिजीशक्ति पोर्टल के माध्यम से छात्र अब प्रशिक्षण, मॉनिटरिंग और स्किल डेवेलपमेंट से जुड़ सकेंगे।
कॉलेज निदेशक एडवोकेट राकेश भटनागर ने बताया कि आधुनिक शिक्षा में तकनीकी संसाधनों की अहम भूमिका है और टैबलेट छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण सिद्ध होंगे। इस अवसर पर 150 से अधिक नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी राणा ने किया और आभार ज्ञापन प्राचार्य डॉ. राहुल तिवारी ने प्रस्तुत किया। इस दौरान अरुण मिश्रा, सोमेश वशिष्ठ, तोहिन्दर शर्मा, कबीर शर्मा, विशाल गौर, रवि सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।