आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से एक्टिवा सवार महिला की जलकर मौत, देवरानी गंभीर घायल

आगरा। सोमवार को आगरा जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी में आग लग गई और उस पर बैठी एक महिला जिंदा जल गई, जबकि पीछे बैठी महिला बुरी तरह झुलस गई। यह हादसा थाना शमशाबाद क्षेत्र के अंतर्गत बीकापुर नहर के पास, सैंया–इरादतनगर मार्ग पर हुआ।

Apr 21, 2025 - 18:31
 0
आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से एक्टिवा सवार महिला की जलकर मौत, देवरानी गंभीर घायल
शमसाबाद क्षेत्र में सैंया-इरादतनगर मार्ग पर सोमवार को हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़ और जलती हुई स्कूटी का दृश्य। दूसरी झुलसी महिला एंबुलेंस में।

— सैंया-इरादतनगर मार्ग पर ट्रक की टक्कर से स्कूटी में लग गई थी भीषण आग, मौके पर मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार दो महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा तुरंत आग की लपटों में घिर गई। आगे बैठी महिला आग में झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पीछे बैठी महिला किसी तरह गिरकर बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गई है।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घायल महिला को SN मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती कराया गया है।

जेठानी की मौत, देवरानी घायल

मृतक महिला और घायल दोनों फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र की रहने वाली हैं। दोनों जेठानी-देवरानी हैं और किसी पारिवारिक कार्य से आगरा आई थीं। वापसी के दौरान वे एक्टिवा से फिरोजाबाद लौट रही थीं, जब यह हादसा हुआ। आग में जलने से मृत महिला का नाम रेनू पत्नी अजब सिंह निवासी गांव भीकनपुर बझेरा (टूंडला) है। बुरी तरह झुलसी दूसरी महिला मंजू है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

थाना शमसाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक नंबर के आधार पर चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है।

घटना से इलाके में दहशत

इस हृदय विदारक हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास तक नहीं जा सका। लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor