पुलिस ने मिट्टी खनन पर छापा मारा और गांव में झगड़ा हो गया, छह घायल

पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र के विप्रावली तिकोनिया में इतनी सी बात पर लाठी-डंडे चल गए कि एक पक्ष को शक था कि गांव के ही कुछ लोगों ने मुखबिरी कर उनके पीछे पुलिस को लगाया है। दोनों ओर से हुए संघर्ष में छह लोग घायल हुए हैं।

Nov 22, 2024 - 13:15
 0
पुलिस ने मिट्टी खनन पर छापा मारा और गांव में झगड़ा हो गया, छह घायल
खनन कर मिट्टी से भरी ट्राली जिसे पुलिस छापे के दौरान लोग छोड़कर भाग गए थे।

गांव के केशव सिंह और कुंदन सिंह पुत्रगण दाताराम थाना पिनाहट में जो तहरीर दी है, उसके अनुसार गांव के ही बबलू और संजू रात के समय ट्रैक्टर ट्रालियों से मिट्टी का खनन कर रहे थे। इसी दौरान यहां पुलिस पहुंच गई। खनन करने वाले ट्रैक्टर ट्रालियों को छोड़कर भाग गए।

संजू और बबलू को संदेह था कि पुलिस को मुखबिरी कर उनके पीछे लगाया गया था। इसी शक के आधार पर बबलू और संजू पक्ष ने केशव पक्ष पर हमला बोल दिया, जिसमें परिवार के लोग घायल हो गए। 

उधर दूसरे पक्ष से नीतू देवी पत्नी संजय निषाद ने थाने में तहरीर दी है कि बृहस्पतिवार की रात को उसके पति संजय और देवर बबलू खेत पर रखवाली को गए थे। गांव के ही सचिन, महेंद्र, देवेंद्र, कुंदन और केशव लाठी डंडे लेकर घर पर आ गए और गाली गलौज करने लगे।

विरोध करने पर मारपीट कर दी। आवाज सुनकर बचाने आई गर्भवती देवरानी अनीता को भी उक्त लोगों ने बुरी तरह पीटा, जिसमें दोनों घायल हो गईं। सूचना मिलने पर खेत से लौटते पति संजय और देवर को रास्ते में रोक कर मारपीट की गई।

SP_Singh AURGURU Editor