आगरा कलेक्ट्रेट एडवोकेट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष टीपी सिंह चौहान का निधन, अधिवक्ता जगत में शोक

आगरा। आगरा कलेक्ट्रेट एडवोकेट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता टीपी सिंह चौहान (दद्दा) का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन से आगरा के अधिवक्ता समाज में शोक की गहरी लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार बुधवार 28 जनवरी को प्रातः 9 बजे ताजगंज मोक्षधाम पर किया जाएगा।

Jan 27, 2026 - 21:18
Jan 27, 2026 - 21:18
 0
आगरा कलेक्ट्रेट एडवोकेट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष टीपी सिंह चौहान का निधन, अधिवक्ता जगत में शोक
फाइल फोटो टीपी सिंह चौहान एडवोकेट।

श्री चौहान पिछले लगभग एक वर्ष से उपचार के सिलसिले में नोएडा में अपने पुत्र के पास रह रहे थे। मंगलवार को अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उनका देहावसान हो गया। जैसे ही उनके निधन की सूचना आगरा पहुंची, कलेक्ट्रेट परिसर सहित पूरे अधिवक्ता जगत में शोक छा गया। सरल, संघर्षशील और संगठन के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाने वाले टीपी सिंह चौहान का जाना अधिवक्ता समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

टीपी सिंह चौहान का आवास आगरा के खंदारी स्थित निर्मल अपार्टमेंट में है। मूल रूप से वे दौलतपुर, जनपद मैनपुरी के निवासी थे, लेकिन उन्होंने आगरा को अपनी कर्मभूमि बनाते हुए वकालत के पेशे को अपनाया। वर्षों की मेहनत, ईमानदारी और संगठनात्मक क्षमता के बल पर वे अधिवक्ताओं के बीच “दद्दा” के नाम से सम्मानपूर्वक जाने जाते थे। वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं, अधिकारों और सम्मान के लिए लगातार संघर्ष किया।

आगरा कलेक्ट्रेट एडवोकेट वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ताओं सीपी सिंह जादौन, कुं. शैलराज सिंह, अशोक चौबे, अरुण सोलंकी, दिनेश चंद शर्मा, मुनेंद्र जादौन, सोमेंद्र जादौन, रवि चौबे, गिरीश कटारा, विपिन तेहरिया सहित अनेक अधिवक्ताओं ने टीपी सिंह चौहान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें एक जुझारू, निष्पक्ष और अधिवक्ताओं के हितों के लिए सदैव खड़े रहने वाला नेता बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

SP_Singh AURGURU Editor