10 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार, पीलीभीत की एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ दबोचा
-आरके सिंह- पीलीभीत। जमीन की तूदाबंदी और रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत मांगना बीसलपुर तहसील के राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को भारी पड़ गया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए बीसलपुर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक हरिज्ञान सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली के प्रभारी निरीक्षक की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार टीम ने मंगलवार अपराह्न करीब 3:10 बजे बीसलपुर के ईदगाह चौराहा पर ट्रैप कार्रवाई की। योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी कानूनगो हरिज्ञान सिंह को रिश्वत की रकम दी, एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
जमीन की रिपोर्ट के बदले मांगी थी रिश्वत
पुलिस के अनुसार बीसलपुर के मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी रिंकू गंगवार ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राजस्व निरीक्षक हरिज्ञान सिंह जमीन की तूदाबंदी और आवश्यक रिपोर्ट (आख्या) लगाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत की जांच के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम लेते ही गिरफ्तार कर लिया।
सुनगढ़ी थाने में दर्ज होगा मुकदमा
ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि आरोपी राजस्व निरीक्षक हरिज्ञान सिंह के खिलाफ पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हरिज्ञान सिंह की उम्र 47 वर्ष है। वह मूल रूप से बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र के अमलोनीपुर गांव का निवासी है। वर्तमान में वह बरेली के महेंद्र नगर में रह रहा था और पीलीभीत की बीसलपुर तहसील में राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) के पद पर तैनात था।