रोबोटिक और 4K-3D लैप्रोस्कोपिक सर्जरी पर आगरा में पहली बार होगा मंथन

आगरा। ताजनगरी आगरा में पहली बार महिलाओं से जुड़ी बीमारियों के आधुनिक उपचार पर केंद्रित एंडो रोबो गायनी कार्यशाला-2025 का आयोजन होने जा रहा है। यह कार्यशाला 4-5 अक्टूबर को ताज होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, फतेहाबाद रोड पर आयोजित होगी। आयोजन आगरा ऑब्सट्रेटिकल एंड गायनेकोलॉजी सोसायटी (नेशनल व यूपी चैप्टर) तथा डॉ. कमलेश टंडन हॉस्पिटल एंड टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

Sep 9, 2025 - 22:42
 0
रोबोटिक और 4K-3D लैप्रोस्कोपिक सर्जरी पर आगरा में पहली बार होगा मंथन

देश-विदेश के 400 से अधिक विशेषज्ञ होंगे शामिल

इस कार्यशाला में देश-विदेश के लगभग 400 से अधिक स्त्री रोग विशेषज्ञ भाग लेंगे। आयोजन अध्यक्ष और डॉ. कमलेश टंडन हॉस्पिटल एंड टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर, आगरा के निदेशक डॉ. अमित टंडन ने बताया कि कार्यशाला में पहली बार लाइव रोबोटिक, लैप्रोस्कोपिक और टेली सर्जरी का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही नए सर्जनों को हैंड्स ऑन ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

डॉ. कमलेश टंडन हॉस्पिटल एंड टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के चार ऑपरेशन थिएटर से होने वाले 30-40 लाइव ऑपरेशन कार्यशाला स्थल ताज होटल में सीधा प्रसारित किए जाएंगे।

महिलाओं की समस्याओं पर विशेषज्ञ करेंगे विमर्श

दो दिवसीय कार्यशाला में विशेषज्ञ महिलाओं की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा करेंगे। अनियमित माहवारी और एंडोमेट्रियोसिस के उपचार, बच्चेदानी में जन्मजात या बनावटी कमी, मूत्र रोग संबंधी समस्या (खांसने या छींकने में पेशाब का निकलना), बच्चेदानी का कैंसर, लिंग परिवर्तन (जेंडर अश्योरिंग सर्जरी), यूट्राइन सेप्टम, मूत्राशय व गुदा मार्ग की जटिलताएं आईवीएफ और इनफर्टिलिटी से जुड़ी चुनौतियां आदि विषयों पर चर्चा होगी।

विशेषज्ञ इन विषयों पर नवीनतम तकनीक और उपचार की जानकारी देंगे। कार्यशाला में 4 अक्टूबर को सूचरिंग प्रतियोगिता और 5 अक्टूबर को मास्टर क्लास का आयोजन भी होगा।

SP_Singh AURGURU Editor