रोटरी क्लब की पहल से बेटियों को मिला सुरक्षा कवच, स्कूल में लगे सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीके
आगरा में बेटियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को लेकर एक सशक्त पहल सामने आई है, जहां रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण कर स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाया।
आगरा। गुरुवार को रोटरी क्लब ऒफ आगरा रॊयल द्वारा अंसल टाउन बरौली स्थित भारतीय बाल विद्या मंदिर स्कूल में स्वास्थ्य सुरक्षा को समर्पित एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत क्लब की ओर से डॉ. सुरभि मित्तल के नेतृत्व में विद्यालय की 26 छात्राओं को ‘सर्वाइकल कैंसर’ से बचाव हेतु टीकाकरण की दूसरी खुराक (सेकंड डोज) सफलतापूर्वक दी गई।
डॉ. सुरभि मित्तल लगातार विभिन्न शिक्षण एवं सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके इस समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए क्लब की अध्यक्ष मीरा गुप्ता ने उनका आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष मीरा गुप्ता ने कहा कि बालिकाओं का स्वास्थ्य और सशक्तिकरण क्लब की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने टीकाकरण प्राप्त करने वाली छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना भी की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने क्लब की इस सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए संस्था का आभार जताया।
इस अवसर पर डॉ. सुरभि मित्तल के साथ रेखा कपूर, अनीता पुंधीर, मीरा गुप्ता एवं हेमलता जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।