सनातन चेतना के लिए वृंदावन से आगरा तक साधु-संतों की एकता पदयात्रा 4 फरवरी से निकलेगी

आगरा। देश में सनातन संस्कृति के संरक्षण, गौ-रक्षा और सामाजिक चेतना के व्यापक उद्देश्य को लेकर वृंदावन से आगरा तक सनातन जन-जागरण एकता पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा में हजारों साधु-संत, धर्माचार्य और सनातन अनुयायी सहभागिता करेंगे। सोमवार को सनकादिक सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने नगला बूढ़ी स्थित श्री महाकालेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पदयात्रा के पोस्टर का विधिवत विमोचन कर इसकी घोषणा की।

Jan 5, 2026 - 20:17
 0
सनातन चेतना के लिए वृंदावन से आगरा तक साधु-संतों की एकता पदयात्रा 4 फरवरी से निकलेगी
वृंदावन से आगरा तक निकाली जाने वाली पदयात्रा के पोस्टर का विमोचन करते सनकादिक सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी।

मीशेश्वर धाम के पीठाधीश्वर डॉ. विनितानंद आचार्य ने जानकारी दी कि यह पांच दिवसीय पदयात्रा 4 फरवरी को वृंदावन स्थित कात्यायनी माता मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक पड़ावों से होती हुई 8 फरवरी को आगरा के राजपुर चुंगी स्थित श्री राजेश्वर महादेव मंदिर पर सम्पन्न होगी।

पदयात्रा के दौरान जय गुरुदेव, बरारी गांव स्थित मां की रसोई, रैपुरा जाट के श्री राधा-कृष्ण मंदिर तथा अरतौनी के श्री हनुमान मंदिर पर विश्राम एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सनातन चेतना को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को भी इस यात्रा से जोड़ा जाएगा।

महंत सुनील वशिष्ठ ने कहा कि यह पदयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का एक सशक्त माध्यम है। यात्रा के माध्यम से एकल परिवार की सोच से बाहर निकलकर संयुक्त परिवार की पुनर्स्थापना, धर्मांतरण के विरुद्ध कठोर कानून, तथा घर-वापसी अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जन-जन को जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम समन्वयक अमन शुक्ला ने बताया कि पदयात्रा के दौरान पांच प्रमुख संकल्पों का आह्वान किया जाएगा, जिनमें देशभर में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध,, ब्रज क्षेत्र में मांस एवं मदिरा की बिक्री पर रोक, गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा, विद्यालयों में संस्कृत भाषा एवं श्रीमद्भागवत गीता का अनिवार्य अध्ययन और सनातन मूल्यों की पुनः स्थापना शामिल हैं।

यह पदयात्रा सनातन धर्म की एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रवादी विचारों का महासंकल्प लेकर जनमानस तक पहुंचेगी।

पोस्टर विमोचन एवं बैठक के दौरान आचार्य युवराज द्विवेदी, एडवोकेट हिमांशु गौतम, पारस शर्मा, कौशल किशोर, प्रमोद कुशवाह, भोज कुमार, नारायण सहित अनेक सनातन सेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor