मथुरा में सनसनीखेज वारदातः घूमंतू परिवार की छह साल की बच्ची को उठा ले गए बदमाश

मथुरा। कोसीकलां क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां राजस्थान के घूमंतू समुदाय की छह वर्षीय बच्ची परी को शनिवार रात को बदमाश अगवा कर ले गए। बच्ची अपने माता-पिता के साथ हिंदू इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे झोपड़ी में सो रही थी। रात के अंधेरे और गहरी नींद का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने बच्ची को उठा लिया। सुबह बच्ची के गायब मिलने पर पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया।

Jul 27, 2025 - 20:01
Jul 27, 2025 - 20:07
 0
मथुरा में सनसनीखेज वारदातः घूमंतू परिवार की छह साल की बच्ची को उठा ले गए बदमाश
खोजी कुत्ते के जरिए बच्ची की तलाश करते पुलिसकर्मी।

पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, तीन टीमें गठित

सूचना मिलते ही कोसीकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आरए सुरेशचंद्र रावत ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और तत्काल बच्ची की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने कॉलेज के पास नाले, गली और झाड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

सीसीटीवी फुटेज और अंतरराज्यीय जांच जारी

बच्ची के अपहरण की कड़ी को जोड़ने के लिए पुलिस ने हाइवे और कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही पड़ोसी राज्यों राजस्थान और हरियाणा की सीमाओं पर भी तलाश की जा रही है। लोकल मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया गया है।

बच्चों की तस्करी का गढ़ बन रहा मथुरा?

यह घटना मथुरा में हाल ही के महीनों में दूसरी है, जब झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवार की बच्ची को अगवा किया गया है। इससे पहले जैंत क्षेत्र से भी एक बच्ची का अपहरण हुआ था, जिसे पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद सकुशल बरामद कर लिया था। लगातार हो रही घटनाओं से यह संकेत मिल रहे हैं कि मथुरा जिले में हाइवे किनारे रहने वाले बच्चों को अगवा करना बच्चों की तस्करी करने वालों के लिए आसान टारगेट बनता जा रहा है।

मां का रो-रोकर बुरा हाल, परिवार में पसरा मातम

अपनी मासूम बच्ची के गायब होने से परी की मां बदहवास है। बार-बार होश खो बैठती है, महिलाएं उसे संभालने का प्रयास कर रही हैं। पूरे समुदाय में डर और मातम का माहौल है। लोग अपने बच्चों को लेकर सहमे हुए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor