बाजार खुलते ही सेंसेक्स 1,100 अंक से अधिक उछला
घरेलू शेयर बाजार में आज काफी तेजी दिख रही है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,100 अंक उछल गया जबकि निफ्टी भी 22,750 अंक के पार चला गया। सन फार्मा और टाटा स्टील में 4 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है।
नई दिल्ली। अमेरिका में रेसिप्रोकल टैरिफ पर 90 दिन के रोक से आज घरेलू शेयर बाजार में आज काफी तेजी दिख रही है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,100 अंक से अधिक उछल गया जबकि निफ्टी भी 22,750 अंक से पार चला गया। सन फार्मा और टाटा मोटर्स में 4 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है। सुबह 9.30 बजे बीएसई सेंसेक्स 1198.49 अंक यानी 1.62% तेजी के साथ 75,045.64 अंक पर ट्रेड कर रहा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 375.60 अंक यानी 1.68% तेजी के साथ 22,774.75 अंक पर पहुंच गया। इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 6.97 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 400.79 लाख करोड़ रुपये हो गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को छोड़कर बाकी सभी देशों के लिए रेसिप्रोकल टैरिफ पर 90 दिन की रोक लगाने की घोषणा की है। चीन पर रेसिप्रोकल टैरिफ 145 फीसदी कर दिया गया है। गुरुवार को महावीर जयंती के कारण घरेलू शेयर बाजार बंद थे। इसलिए आज बाजार ने इस पर प्रतिक्रिया दी। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर तेजी के साथ खुले। सन फार्मा, टाटा स्टील और टाटा मोटर्स में सबसे ज्यादा तेजी आई है। दूसरे ओर एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक और टीसीएस में गिरावट आई है।