आगरा में सेवा संकल्प अभियान की धूम, रक्तदान से दीपदान तक जनसेवा के रंग में रंगा शहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आगरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। एसएन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में रक्तदान व फल वितरण हुआ। दरेसी में रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण और रूई की मंडी की वाल्मीकि बगीची में सफाई व सौंदर्यीकरण कराया गया। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के शीतलकुंड धाम में विधायक चौधरी बाबूलाल ने 4100 दीप जलाकर दीपदान किया। वहीं ताजमहल के साये में दशहरा घाट पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में दीप जलाए गए।
ताजमहल के साये में हजारों दीये जगमगाए, एसएन मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर; शीतलकुंड धाम में 4100 दीपों से हुआ दीपदान
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को आगरा में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा, जनसंवाद और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत एसएन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में रक्तदान व फल वितरण, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण, वाल्मीकि बगीची का मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण, ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद और दीपदान तथा ताजमहल के साये में दशहरा घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुआ। भाजपा की ओर से घोषित इस वर्ष का सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत रक्तदान, स्वच्छता, सेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
एसएन में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बांटे फल
ऐतिहासिक सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में आयोजित फल वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बाद मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कार्यकर्ताओं और युवाओं से समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्र सेवा और अंत्योदय के संकल्प को समर्पित है। उनके जन्मदिवस को सेवा के रूप में मनाना समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने का अवसर है। उन्होंने आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन सहित केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सुभाष मंडल अध्यक्ष राजू कुशवाहा, मंडल महामंत्री मुकुल जोशी, प्रेम सिंह धाकड़, राजीव कुशवाहा टीटू भाई, विकाश महाजन, रानी माहौर, नगीना चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक मौजूद रहे।
दरेसी में रक्तदान शिविर, योगेंद्र उपाध्याय ने किया शुभारंभ
आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मनकामेश्वर मंडल स्थित अचल भवन, दरेसी में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने कतारबद्ध होकर रक्तदान किया। मंत्री ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले युवाओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कार्यक्रम में धीरज जैन, डॉ. अलौकिक उपाध्याय, संजय शर्मा, दीपक खरे, अनुराग चतुर्वेदी, अनुज शर्मा, राहुल शर्मा, अमर गुप्ता, रोबिन गुप्ता और संजीव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सामाजिक लोग मौजूद रहे।
जिला अस्पताल में रक्तदान, पति-पत्नी ने एक साथ किया रक्तदान
जिला चिकित्सालय आगरा के रक्तदान केंद्र पर भी सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। फतेहपुर सीकरी सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। खास आकर्षण दीपक मित्तल और उनकी पत्नी डिम्पल मित्तल रहे, जिन्होंने एक साथ रक्तदान कर सहभागिता की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह वर्मा, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष पंकजा शर्मा, महानगर महामंत्री हेमंत भोजवानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव, डॉ. सुनीता राठौर, डॉ. अजय यादव, शैलेन्द्र शर्मा, सतेंद्र यादव और साचीन गोयल सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और चिकित्सक मौजूद रहे। अंत में रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी कार्यक्रम
आगरा में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए आयोजित कार्यक्रम में एमएलसी विजय शिवहरे ने जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके बाद जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया और उपचाररत मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान महानगर महामंत्री नितेश शिवहरे, महामंत्री महेश शर्मा, पार्षद किशोर, भाजपा नेता राकेश वाल्मीकि, पूर्व पार्षद प्रवीन जैन और भाजपा नेता बंटी बघेल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वाल्मीकि बगीची में चला सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर रूई की मंडी स्थित वाल्मीकि बगीची में मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया। भाजपा ब्रज क्षेत्र की क्षेत्रीय मंत्री डॉ. बीना लवानिया मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम में क्षतिग्रस्त स्थानों पर पत्थर लगवाने और टूटी रेलिंग को दोबारा लगवाने का काम किया गया। परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान भी किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सदस्य, सफाई कर्मचारी आयोग कमल वाल्मीकि विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर संकल्प लिया गया।
शीतलकुंड धाम में 4100 दीपों से हुआ दीपदान
फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसैया रायमल स्थित शीतलकुंड धाम में जनसंवाद और दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक चौधरी बाबूलाल ने मंदिर परिसर में 4100 दीये जलाकर दीपदान किया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। विधायक ने कहा कि सेवा और जनसंवाद के माध्यम से जनता से निरंतर जुड़ना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि डॉ. रामेश्वर चौधरी, डीसी मनरेगा रामप्रवेश यादव, थानाध्यक्ष मदन सिंह, एडीओ महेंद्र सिंह, स्वामी दयानंद सरस्वती, प्रधान सतेंद्र चाहर, मन्नू चाहर, दीपचंद चाहर, देवी सिंह, पराग डेयरी के चेयरमैन प्रवीण चाहर, विनोद चाहर, जगवीर चाहर और खुन्ना मास्टर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ताजमहल के साये में हजारों दीपों से जगमगाया दशहरा घाट
आगरा महानगर की ओर से ताजमहल के साये में दशहरा घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और आमजन ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
नवीन जैन ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के प्रति लोगों के स्नेह और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति है। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उल्लेख करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि ताजमहल के साये में जलाए गए दीप प्रधानमंत्री के प्रति लोगों की शुभकामनाओं और स्नेह के प्रतीक हैं।
कार्यक्रम में विधायक जीएस धर्मेश, पार्षद जगदीश पचौरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्मवीर लोधी, बंटी बघेल, महानगर महामंत्री महेश शर्मा, महानगर मंत्री अनिल सारस्वत, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद राकेश कन्नौजिया, पार्षद फूल प्यारी, पार्षद गुड्डू राठौर, मंडल अध्यक्ष कौशल चौहान और महानगर कोषाध्यक्ष अतुल गर्ग मौजूद रहे।
शीतलकुंड में ग्राम चौपाल और जनसंवाद भी
इसी क्रम में विकासखंड अकोला स्थित शीतलकुंड मंदिर पर ‘आशीर्वाद का दीया’, ग्राम चौपाल, जनसंवाद एवं प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। विधायक चौधरी बाबूलाल ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। कार्यक्रम में सेवा, जनकल्याण और क्षेत्रीय विकास को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।
आगरा में सेवा कार्यक्रमों से दिखा भाजपा का जनसंपर्क अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आगरा में आयोजित इन कार्यक्रमों में रक्तदान, मरीजों को फल वितरण, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, सफाई एवं सौंदर्यीकरण, छात्र-छात्राओं का सम्मान, ग्राम चौपाल, जनसंवाद और दीपदान जैसे अलग-अलग कार्यक्रम शामिल रहे। भाजपा की ओर से देशभर में इस वर्ष का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाने की घोषणा की गई है। अभियान को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से भी जोड़ा गया है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 17 सितंबर को मिले स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया और इसे स्नेह की विशेष अभिव्यक्ति बताया।