शाहजहांपुर के गौतम मौर्य हत्याकांड में युवती समेत कई और लोग जांच के घेरे में, समीर अली सहित चार आरोपी जेल भेजे गए

-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कांट कस्बे में हिंदू युवक गौतम मौर्य की चाकुओं से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस जांच में नए खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी समीर अली के अलावा एक युवती और कई अन्य युवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। अब तक समीर अली समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल जारी है।

Aug 4, 2026 - 17:30
 0
शाहजहांपुर के गौतम मौर्य हत्याकांड में युवती समेत कई और लोग जांच के घेरे में, समीर अली सहित चार आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस के अनुसार, कांट कस्बे में शुक्रवार रात गौतम मौर्य की धारदार हथियार से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी समीर अली ने हत्या करना स्वीकार किया था। उसका कथित स्वीकारोक्ति वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

घटना के अगले दिन मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पलिया-जलालाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया था, जो करीब आठ घंटे तक चला। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने एक समुदाय की दुकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया और किसी बड़े नुकसान को होने से रोक दिया।

मोबाइल जांच में सामने आया युवती का नाम

पुलिस सूत्रों के अनुसार, समीर अली के मोबाइल फोन की जांच के दौरान एक स्थानीय युवती का नाम सामने आया है। जांच में पता चला कि समीर काफी समय से युवती के लगातार संपर्क में था। हत्या वाले दिन भी समीर की अंतिम बातचीत इसी युवती से हुई थी।

पुलिस को मोबाइल से मिली रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संदेह है कि युवती इस हत्याकांड की जानकारी रखने वाली हो सकती है। इसी आधार पर उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

दोस्ती, प्रेम संबंध और फिर दुश्मनी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक गौतम मौर्य और आरोपी समीर अली पहले दोस्त थे। पुलिस के मुताबिक, गौतम का संबंध उक्त युवती से था, लेकिन कुछ समय पहले दोनों के बीच अलगाव हो गया था। इसके बाद युवती का संपर्क समीर अली से हो गया। इसी बात को लेकर दोनों युवकों के बीच तनाव और दुश्मनी बढ़ गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी समीर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कथित रूप से हत्या से पहले एक स्टेटस लगाया था, जिसमें लिखा था कि ‘5 अगस्त 2026 को मार देगा।‘ पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद उसने एक और स्टेटस डालते हुए लिखा, ‘मार दिया’। पुलिस इन सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच कर रही है।

पहले से बना रहा था हत्या की योजना

पुलिस के अनुसार, समीर अली काफी समय से गौतम मौर्य की हत्या की योजना बना रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह कई बार मृतक के साथ बैठकर शराब पीता था और अवसर की तलाश में था।

पुलिस ने यह भी बताया कि एक अन्य युवक दोनों के बीच बढ़ रहे विवाद को समाप्त कराने की कोशिश कर रहा था और वह नहीं चाहता था कि मामला हत्या तक पहुंचे।

कई अन्य युवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में युवती के अलावा कई अन्य हिंदू युवकों के नाम भी जांच के दौरान सामने आए हैं। हालांकि उनकी भूमिका क्या रही, इसका अभी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।

चार आरोपी गिरफ्तार, तीन जांच टीमें गठित

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को बताया कि मुख्य आरोपी समीर अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा लियाकत अली, तदीम तथा राजा को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लियाकत अली के घर पर नगर पालिका परिषद द्वारा अवैध निर्माण का नोटिस विगत दिवस ही लगाया जा चुका है। 

उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कस्बे में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांट कस्बे में फिलहाल शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। एहतियात के तौर पर पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

SP_Singh AURGURU Editor