शाहजहांपुर पुलिस का कमालः पांच घंटे में 117 अपराधी गिरफ्तार, ये सभी फरार चल रहे थे, पुलिस के बड़े एक्शन से मची खलबली
-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। न्यायालय में लंबे समय से पेश न होकर फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ शाहजहांपुर पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए महज 5 घंटे के भीतर 117 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में खलबली मच गई। इससे जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
एसपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे आरोपी थे जो न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहे थे, जिसके कारण कई मुकदमे लंबित पड़े थे। अदालतों द्वारा इन आरोपियों के खिलाफ वारंट भी जारी किए जा चुके थे।
22 थानों की टीम ने एक साथ मारे छापे
एसपी के निर्देश पर शनिवार रात को ही जिले के सभी थानों को विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए गए। इसके बाद जिले के 22 थानों की पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और मात्र 5 घंटे के भीतर 117 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कलान और शेहरामऊ थाना रहे आगे
इस अभियान में कलान और शेहरामऊ थानों की पुलिस सबसे आगे रही, जहां से 13-13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अन्य थानों ने भी सक्रियता दिखाते हुए बड़ी संख्या में वांछित अपराधियों को दबोचा।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी 117 आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई से न्यायालय में लंबित मामलों के निस्तारण में भी तेजी आएगी।
पुलिस अधीक्षक की सख्त चेतावनी
नवागत एसपी सौरभ दीक्षित ने साफ शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम जनता का उत्पीड़न करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
इस बड़ी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब फरार आरोपियों के लिए बचना आसान नहीं होगा। पुलिस की इस मुहिम से जिले में अपराधियों के बीच डर का माहौल बना है।