आगरा में शर्मनाक वारदात: घर में घुसकर युवती से की अश्लील हरकत, आरोपी फरार

आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र में एक युवक ने दुस्साहस किया। घर में घुसकर वहां मौजूद अकेली एक युवती से अश्लील हरकतें कीं। युवती के विरोध करने पर वह धमकी देकर फरार हो गया। अगर दिनदहाड़े घर में घुसकर कोई इस तरह की हरकत कर सकता है, तो कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगते हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Oct 24, 2025 - 10:53
 0
आगरा में शर्मनाक वारदात: घर में घुसकर युवती से की अश्लील हरकत, आरोपी फरार

आगरा। ताजनगरी एक बार फिर शर्मसार हुई है। हरीपर्वत थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक युवती से अश्लील हरकत करने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े घर में दाखिल होकर आरोपी ने न केवल युवती की अस्मिता पर हमला किया बल्कि उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। यह वारदात बुधवार, 22 अक्टूबर 2025 की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हरीपर्वत क्षेत्र में रहने वाली युवती उस समय घर पर अकेली थी। मौका पाकर मोहल्ले का ही युवक शिवा पुत्र धर्मेंद्र जबरन अंदर घुस आया। उसने युवती से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे जान से मार देगा। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह खुद को संभाला और परिजनों को सूचना दी। परिवार के साथ वह हरीपर्वत थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिवा के खिलाफ दुष्कर्म की नीयत से घर में घुसपैठ, छेड़छाड़ और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

थाना पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। आरोपी शिवा को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना बेहद गंभीर है, किसी भी हालत में अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि बीते कुछ महीनों में आगरा में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

SP_Singh AURGURU Editor