आगरा के सिख समाज ने पहलगाम हमले के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि, दोषियों को कड़ी सजा की मांग
आगरा। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष भारतीयों की हत्या पर आगरा के सिख समाज ने गहरा शोक व्यक्त किया और सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की। सुखमनी सेवा सभा द्वारा गुरुद्वारा साहिब दुख निवारण, गुरु का ताल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आसा दी वार के भावपूर्ण गायन से हुई, जिसमें वीर महेंद्र पाल सिंह ने गुरबाणी का गायन किया। सभी संगत ने गुरुवाणी के माध्यम से शहीदों की आत्मा की शांति के लिए अरदास की।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने इस भीषण घटना की कठोर निंदा करते हुए कहा कि निर्दोषों की हत्या मानवता पर हमला है। वहीं गुरुद्वारा सिंह सभा माईथान के प्रमुख सेवादार कवलजीत सिंह और ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सभा में मौजूद गुरु सेवक श्याम भोजवानी, गुरमीत सिंह सेठी, बाबा राजेंद्र सिंह इंदौलिया, ग्रंथि हरबंस सिंह, दलजीत सिंह दुग्गल, सतपाल सिंह बत्रा, हरजिंदर सिंह खनूजा सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के गणमान्यजनों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरु महाराज के चरणों में सभी ने यह अरदास की कि पीड़ित परिवारों को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान हो।