बरेली सेंट्रल जेल पहुंचने के दूसरे दिन ही स्मैक तस्कर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली सेंट्रल जेल टू में बंद मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी कैदी आदेश तिवारी की गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल में मौत हो गई। आदेश तिवारी को बुधवार शाम एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा गया था, जहां गुरुवार सुबह मुलाकात के दौरान अचानक बेहोश हो गया। तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
हार्ट पेशेंट था आदेश, जेल में अचानक आया अटैक
वरिष्ठ जेल अधीक्षक विपिन मिश्रा ने बताया कि 28 वर्षीय आदेश तिवारी को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29 के तहत बुधवार को जेल लाया गया था। गुरुवार को सुबह करीब 11:15 बजे, जब उसका भाई अंशुल तिवारी और भाभी गौरी तिवारी जेल में मुलाकात के लिए पहुंचे, तभी वह अचानक बेहोश हो गया।
परिजनों के अनुसार, आदेश हार्ट पेशेंट था और उसके दिल में स्टंट डलवाया गया था। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।
पूर्व में दर्ज थे आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे
आदेश तिवारी के खिलाफ वर्ष 2023 में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। इसके अलावा 2 जुलाई 2025 को थाना इज्जतनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके आधार पर बुधवार को उसे जेल भेजा गया था।
मौत के कारण की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जेल प्रशासन व पुलिस विभाग ने कहा कि मौत के सटीक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले में किसी तरह की लापरवाही की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के कारण मामले की जांच जारी है।
Bottom of Form