जिस बेटे को दौड़ लगाने भेजा, घर लौटी उसकी मौत की खबर, गांव स्तब्ध
फतेहाबाद के निबोहरा क्षेत्र के पल्टुआ पुरा गांव में मंगलवार सुबह 15 वर्षीय गिरीश कुमार की अचानक मौत हो गई। गिरीश साथियों के साथ दौड़ लगाने के लिए गांव के बाहर गया था। दौड़ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने सांस लेने में परेशानी की बात कही। साथियों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गिरीश पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा और कक्षा पांच का छात्र था। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम और गांव में शोक का माहौल है।
दौड़ लगाने के दौरान अचानक बोला गिरीश- सांस लेने में दिक्कत है, कुछ ही देर में हो गई मौत, 15 साल के बेटे की मौत से परिवार में मातम
आगरा। फतेहाबाद के निबोहरा थाना क्षेत्र के पल्टुआ पुरा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। रोज की तरह अपने साथियों के साथ दौड़ लगाने निकले 15 वर्षीय गिरीश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसने साथियों से सांस लेने में परेशानी होने की बात कही और जमीन पर बैठ गया। साथियों ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गिरीश कुमार पुत्र पोहप सिंह मंगलवार सुबह अपने साथियों के साथ गांव के बाहर दौड़ लगाने के लिए गया था। बताया गया है कि दौड़ के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। वह वहीं जमीन पर बैठ गया। साथियों ने उसकी हालत देखी तो उससे परेशानी के बारे में पूछा। गिरीश ने बताया कि उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
हालत बिगड़ती देख गिरीश ने अपने साथियों से घरवालों को सूचना देने के लिए कहा। साथियों ने बिना देर किए उसके परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किशोर को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गिरीश को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
15 वर्षीय बेटे की अचानक मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ ही देर पहले जो किशोर सामान्य रूप से घर से दौड़ लगाने के लिए निकला था, उसकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गिरीश पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह कक्षा पांच में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक वह रोजमर्रा की तरह अपने साथियों के साथ दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था। परिवार को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि सुबह का यह सामान्य दिन उनके लिए जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन जाएगा।
दौड़ के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक गिरीश की तबीयत दौड़ लगाने के दौरान ही अचानक खराब हुई थी। सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई। हालांकि किशोर की अचानक मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इसे लेकर परिवार और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ग्राम प्रधान हाकिम सिंह वर्मा ने बताया कि घटना से पूरा गांव दुखी है। गिरीश की अचानक मौत की खबर से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा है। अचानक हुई इस घटना ने परिवार ही नहीं, पूरे गांव को झकझोर दिया है। जिस किशोर की सुबह साथियों के साथ दौड़ते हुए गुजर रही थी, कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया।