सपा ने विधान परिषद शिक्षक सीटों पर दिखाई फुर्ती, आगरा-अलीगढ़ से डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता मैदान में
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की शिक्षक सीटों की चुनावी सरगर्मी तेज़ हो गई है। समाजवादी पार्टी ने अन्य दलों से पहले अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी मैदान में बढ़त बना ली है। पार्टी ने आगरा-अलीगढ़ खंड शिक्षक सीट से डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता तथा मेरठ-गाजियाबाद खंड शिक्षक सीट से नितिन कुमार तोमर को उम्मीदवार घोषित किया है।
-मेरठ-गाजियाबाद सीट के लिए सपा ने नितिन तोमर को बनाया अपना उम्मीदवार
वर्तमान में आगरा-अलीगढ़ खंड शिक्षक सीट से विधान परिषद सदस्य आकाश अग्रवाल हैं, जिन्होंने पिछला चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता था। शिक्षक सीटों पर परंपरागत रूप से विभिन्न शिक्षक संगठन प्रभावशाली भूमिका निभाते रहे हैं, जिनमें माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) का लंबे समय से दबदबा रहा है। इस संगठन ने कई बार शिक्षक खंड की सीटों पर जीत दर्ज की है।
इस बार चुनावी समीकरण पहले से ज्यादा दिलचस्प माने जा रहे हैं, क्योंकि शर्मा गुट के अलावा कई अन्य शिक्षक संगठनों ने भी अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर ली है। सपा के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद माना जा रहा है कि अब भाजपा भी जल्द ही अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार शिक्षक सीटों पर मुकाबला बहुकोणीय हो सकता है, जहां शिक्षक संगठन, सपा और भाजपा तीनों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी।