बरेली में गड्ढा बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराई तेज़ रफ्तार कार के परखच्चे उड़े, तीन की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर

-आरके सिंह- बरेली। दिल्ली–बरेली रोड पर एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। किला थाना क्षेत्र के स्वाले नगर में गड्ढा बचाने के प्रयास में तेज़ रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

Feb 23, 2026 - 11:23
 0
बरेली में गड्ढा बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराई तेज़ रफ्तार कार के परखच्चे उड़े, तीन की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर

क्षेत्राधिकारी द्वितीय अंजनी कुमार ने बताया कि हादसे का शिकार सभी लोग शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान रामगुलाम (75) पुत्र प्रसादी, निवासी सोपरी मुंडापांडे, जनपद मुरादाबाद; खेमकरन (58) पुत्र रामदास, निवासी कल्याणपुर, शहजाद नगर, रामपुर; और मोनी (28) पत्नी गोविंद के रूप में हुई है। कार को गोविंद चला रहा था। घायलों में गोविंद पुत्र खेमकरन, राम बहादुर पुत्र रामदास तथा दो वर्षीय ज्ञानदीप पुत्र गोविंद शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार गोविंद, बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में अपनी बुआ के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। रविवार शाम को समारोह से लौटते समय स्वाले नगर के पास दिल्ली–बरेली रोड पर अचानक सामने आए गड्ढे को बचाने के प्रयास में चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया। किसी राहगीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बरेली पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor