स्पीड पर ब्रेक: आगरा ट्रैफिक पुलिस का हाईटेक शिकंजा, यमुना एक्सप्रेसवे और NH-19 पर ओवरस्पीड वाहनों पर स्पीड रडार गन के जरिए ताबड़तोड़ कार्रवाई

आगरा। सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए आगरा ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए यमुना एक्सप्रेसवे और हाईवे-19 पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में हाईटेक स्पीड रडार गन के जरिए ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर मौके पर ही चालान किए गए।

Apr 4, 2026 - 20:03
 0
स्पीड पर ब्रेक: आगरा ट्रैफिक पुलिस का हाईटेक शिकंजा, यमुना एक्सप्रेसवे और NH-19 पर ओवरस्पीड वाहनों पर स्पीड रडार गन के जरिए ताबड़तोड़ कार्रवाई
हाईवे-19 पर स्पीड रडार गन लगाकर वाहनों की स्पीड चेक करती यातायात पुलिस।

हाईटेक तकनीक से रफ्तार पर नजर

अभियान के दौरान अत्याधुनिक स्पीड रडार गन का उपयोग किया गया, जिससे दूर से ही वाहनों की सटीक गति मापी गई। निर्धारित सीमा से अधिक गति में दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए।

एसीपी ट्रैफिक का बयान- ओवरस्पीडिंग है बड़ा खतरा

अभियान की जानकारी देते हुए एसीपी ट्रैफिक इमरान अहमद ने बताया कि हाईवे पर होने वाली अधिकांश दुर्घटनाओं का मुख्य कारण तेज रफ्तार है। उन्होंने कहा कि स्पीड रडार गन जैसी आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अब नियम तोड़ने वालों की पहचान आसान हो गई है और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

चालान नहीं, सुरक्षा हमारी प्राथमिकता

ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना है। एक छोटी सी लापरवाही कई जिंदगियां खतरे में डाल सकती है, इसलिए नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

वाहन चालकों से अपील

आगरा ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि यमुना एक्सप्रेसवे और अन्य हाईवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें। वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं और दोपहिया पर हेलमेट पहनें। लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाएं।

अभियान रहेगा जारी, जीरो टॉलरेंस नीति लागू

पुलिस उपायुक्त यातायात के निर्देशन में यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

SP_Singh AURGURU Editor