पुष्पा-2 के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद में भगदड़, महिला की मौत
हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक थियेटर में ‘पुष्पा 2 द रूल’ फिल्म के प्रीमियर के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई जबकि एक एक व्यक्ति घायल हो गया।
जिस थियेटर में इस फिल्म का प्रीमियर शो हो रहा था, वहां अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए इस फिल्म के अभिनेता अल्लू अर्जुन भी पहुंचे हुए थे। अल्लू अर्जुन के थियेटर पहुंचने की जानकारी होते ही उनके फैंस बेकाबू हो गए और थियेटर के अंदर प्रवेश करने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। इसी दौरान मची भगदड़ में नीचे गिरने से एक महिला की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
बता दें कि अल्लू अर्जुन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पुष्पा 2 द रूल’ आज (पांच दिसंबर) को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। ‘पुष्पा 1’ की सफलता के बाद फैंस को अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की इस फिल्म का बेताबी से इंतजार था। यह इंतजार आज खत्म हो रहा है।