छावनी में महीनों से सूखे नल, समस्या के समाधान के लिए विधायक डॊ. धर्मेश ने आमने-सामने बैठाए जल संस्थान और छावनी बोर्ड के अधिकारी, अतिरिक्त मोटर पंप लगाने समेत कई अन्य बिंदुओं पर बनी सहमति

आगरा। छावनी क्षेत्र के प्रतापपुरा, सदर बाजार, होटल क्लार्क्स शिराज, सुल्तानपुरा समेत कई इलाकों में महीनों से चल रहे पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने जल संस्थान और छावनी बोर्ड के अधिकारियों को आमने-सामने बैठाकर स्थायी समाधान की पहल की। क्षेत्रीय लोगों की ओर लगातार शिकायतों के बावजूद दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे थे। इस पर विधायक ने जल संस्थान के महाप्रबंधक, अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता को छावनी बोर्ड के सीईओ दीपक मोहन के कार्यालय बुलाया और अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय नागरिकों की मौजूदगी में पेयजल समस्या पर विस्तार से चर्चा कराई। बैठक में तत्काल समाधान के लिए अतिरिक्त मोटर पंप लगाने और जर्जर होने के कारण तोड़ी जा चुकी पानी की टंकियों के स्थान पर नई टंकियां बनाने की प्रक्रिया तेज करने पर सहमति बनी।

Sep 29, 2026 - 21:07
 0
छावनी में महीनों से सूखे नल, समस्या के समाधान के लिए विधायक डॊ. धर्मेश ने आमने-सामने बैठाए जल संस्थान और छावनी बोर्ड के अधिकारी, अतिरिक्त मोटर पंप लगाने समेत कई अन्य बिंदुओं पर बनी सहमति
छावनी बोर्ड कार्यालय में क्षेत्र में पानी के संकट को लेकर हुई बैठक में मौजूद क्षेत्रीय विधायक डॊ. जीएस धर्मेश, छावनी बोर्ड के सीईओ दीपक मोहन, जल संस्थान महाप्रबंधक कुमार गौरव और अन्य।

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि प्रतापपुरा, सदर बाजार, होटल क्लार्क्स शिराज, सुल्तानपुरा सहित कई इलाकों में लंबे समय से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। लोग आएदिन विधायक डॉ. जीएस धर्मेश से शिकायत कर रहे थे। विधायक ने इससे पहले भी छावनी बोर्ड के सीईओ और जल संस्थान के महाप्रबंधक से कई बार बातचीत कर समस्या से अवगत कराया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

जिम्मेदारी टालने के बजाय आमने-सामने हुई बात

मंगलवार की बैठक में विधायक ने जल संस्थान और छावनी बोर्ड के अधिकारियों को एक साथ बैठाकर पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति पर चर्चा कराई। क्षेत्रीय नागरिकों ने भी अधिकारियों के सामने अपने इलाकों में पानी की समस्या रखी और लंबे समय से चली आ रही परेशानी के समाधान की मांग की।

बैठक में दोनों विभागों के अधिकारियों ने पेयजल आपूर्ति से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर सहमति जताई और शीघ्र कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

तत्काल राहत के लिए अतिरिक्त मोटर पंप

बैठक के बाद विधायक डॉ. धर्मेश ने बताया कि पेयजल संकट के तत्काल समाधान के लिए अतिरिक्त मोटर पंप लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जर्जर हो चुकी और तोड़ी जा चुकी पानी की टंकियों के स्थान पर नई टंकियां बनाने का काम भी जारी है। इन व्यवस्थाओं के पूरा होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

बैठक में छावनी बोर्ड के सीईओ दीपक मोहन, बोर्ड सदस्य राजेश गोयल, जल संस्थान के महाप्रबंधक कुमार गौरव, अधिशासी अभियंता अनिरुद्ध भारती, अवर अभियंता राजीव आनंद, सतेंद्र सिंह, विजय कुमार बंटी, हेमंत सलूजा, अशोक अग्रवाल, प्रदीप वापन, सिंधु गुप्ता, अंकित कश्यप, नरेश कनौजिया और राहुल उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor