टीम इंडिया का कोच बदला, रोहित शर्मा ने दी आगे के लिए बधाई, नए फील्डिंग कोच शुभदीप बने
भारतीय टीम के कोच बदले जाने पर रोहित शर्मा की प्रतिक्रिया आई। हिटमैन भावुक दिखे। कोचिंग में हुए बदलाव पर रोहित बोले- टी दिलीप को आगे के लिए बधाई।
नई दिल्ली। टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव हो चुका है। फील्डिंग कोच टी दिलीप का कॉन्ट्रैक्ट समाप्त हो गया। बीसीसीआई ने इस बार उनका अनुबंध न बढ़ाकर शुभदीप घोष को नया फील्डिंग कोच नियुक्त कर दिया है। इस बदलाव पर टीम इंडिया के पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा की प्रतिक्रिया आई। हिटमैन ने टी दिलीप को लेकर बड़ी ही शानदार बात लिखी।
रोहित ने इंस्टग्राम स्टोरी पर टी दिलीप के साथ एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर को कैप्शन देते हुए उन्होंने लिखा, "दिलीप गुरु आप लीजेंड हैं। आपने ग्रुप में जादू किया और पर्दे के पीछे भी खूब मेहनत की। आगे के लिए बधाई।"
टी दिलीप ने पहली बार 2021 में टीम इंडिया के फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। यह वही दौर था, जब राहुल द्रविड़ हेड कोच की भूमिका में थे। टी दिलीप ने आर श्रीधर को रिप्लेस किया था। अब 2026 में कार्यकाल समाप्त हो गया है।
टीम के नए फील्डिंग कोच शुभदीप घोष असम से आते हैं। वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट तक तो नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने असम और रेलवे के लिए घरेलू क्रिकेट खेला। उन्होंने अपने करियर में 17 फर्स्ट क्लास और 17 लिस्ट-ए मैच खेले। फर्स्ट क्लास की 25 पारियों में 316 रन बनाए और लिस्ट-ए की 17 पारियों में 307 रन स्कोर किए। दोनों फॉर्मेट में उनके बल्ले से 2-2 अर्धशतक निकले।
भले ही वह एक खिलाड़ी के रूप में क्रिकेट में ज्यादा बड़ा नाम नहीं बन सके, लेकिन कोचिंग में उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरीं। पिछले करीब 15 सालों से वह नेशनल क्रिकेट अकेडमी के कोचिंग स्टाफ के अहम सदस्य रहे। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी कोच की भूमिका निभाई। 2024 में वह अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के कोच रहे। इसके अलावा भी उन्होंने कई जगहों पर कोच के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।