सात साल से ढाई किलोमीटर की सजा भुगत रहे थे धनौली के बच्चे, अब मिलेगा शिक्षा का नया आसरा

आगरा। धनौली गांव के बच्चों को अब लंबे इंतज़ार के बाद शिक्षा का नया ठिकाना मिलने की उम्मीद जगी है। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर और जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने इसके जल्द निर्माण शुरू होने के संकेत दिए हैं। भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह ने आज इस सिलसिले में सांसद और जिलाधिकारी से मुलाक़ात कर नवीन प्राथमिक विद्यालय की स्थापना को लेकर विस्तृत वार्ता की थी।

May 28, 2025 - 18:13
 0
सात साल से ढाई किलोमीटर की सजा भुगत रहे थे धनौली के बच्चे, अब मिलेगा शिक्षा का नया आसरा
धनौली में विद्यालय भवन के निर्माण की मांग को लेकर सांसद राज कुमार चाहर को ज्ञापन देते भाजपा नेता उपेंद्र सिंह। दूसरे चित्र में जिलाधिकारी से वार्ता करते उपेंद्र सिंह।  

-2018 में अधिग्रहीत विद्यालय का मुआवजा लेकर नया स्कूल भवन बनाना भूल गया प्रशासन

-सांसद चाहर और जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह की पहल रंग लाई

गांव के बच्चों की दिक्कतों को केंद्र में रखते हुए उपेन्द्र सिंह ने सांसद और डीएम को पत्र सौंपा और जल्द से जल्द विद्यालय निर्माण शुरू करवाने की मांग की। सांसद राजकुमार चाहर ने इस विषय पर तत्परता दिखाते हुए न सिर्फ जिलाधिकारी को पत्र लिखा, बल्कि स्वयं फोन पर बात कर इसे प्राथमिकता देने को कहा।

डीएम ने दिया आश्वासन, होगी शीघ्र कार्रवाई

जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह को अवगत कराया कि विद्यालय निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र आरंभ कर दी जाएगी।

पुराना विद्यालय 2018 में हुआ था अधिग्रहीत

उल्लेखनीय है कि धनौली के मजरा नगला धर्मशाला में स्थित विद्यालय को 2018 में एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए अधिग्रहीत कर लिया गया था। मुआवज़ा प्रशासन को पहले ही प्राप्त हो चुका है, लेकिन इसके बाद वहां के बच्चों को लगभग 2.5 किमी दूर नगला लेखराज विद्यालय भेजा जा रहा है, जिससे छोटे बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्राम प्रधान ने सुझाई नई भूमि

विद्यालय के लिए उपयुक्त भूमि का प्रस्ताव ग्राम प्रधान द्वारा पास किया जा चुका है, जिसकी जानकारी भी उपेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी को दी। इस पहल में भाजपा नेता लाल सिंह राजपूत, प्रधान प्रतिनिधि लोकेश कुमार, तेज कपूर, बजरंग दल के जिला संयोजक यदुवीर चाहर, मास्टर शिवचरण लाल, छत्रपाल सोनी, भूरी सिंह खेर और हरी बाबू आदि ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

SP_Singh AURGURU Editor