चोरी का मास्टरमाइंड दबोचा: फौजी के सूने घर को बनाया था निशाना, 6.5 लाख बरामद

आगरा। एक फौजी के सूने घर को निशाना बनाने वाला तीसरा शातिर चोर भी पकड़ लिया गया है। इस प्रकार पूरी चोरी का पर्दाफाश हो चुका है। पहले ही दो आरोपियों को जेल भेज चुकी पुलिस ने तीसरे और मुख्य आरोपी को भी ट्रांसपोर्ट नगर से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बेचकर जुटाई गई 6.5 लाख रुपये की नकदी, पीली धातु का बटन और एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।

Jun 17, 2025 - 17:35
 0
चोरी का मास्टरमाइंड दबोचा: फौजी के सूने घर को बनाया था निशाना, 6.5 लाख बरामद
पकड़े गए चोर के बारे में जानकारी देते डीसीपी सिटी सोनम कुमार। साथ में एसीपी और गिरफ्त में आया अभियुक्त।

 – हरीपर्वत पुलिस की मुस्तैदी से तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार, डीसीपी ने टीम को दिया इनाम

गिरफ्तार आरोपी भूपेंद्र पुत्र चंद्रभान, निवासी नगला भिक्की, थाना शमसाबाद, पर पहले से ही लूट व चोरी के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र चोरी का माल बेचने के लिए ही आगरा आया था और वकील हायर करने की फिराक में था। हरीपर्वत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे ट्रांसपोर्ट नगर में सेक्टर छह के चौराहा से गिरफ्तार किया।

डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि 11 अप्रैल को थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में फौजी के घर चोरी की वारदात हुई थी। घटना की रिपोर्ट अगले दिन दर्ज की गई। 24 अप्रैल को विकास और जीतू नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसके बाद भूपेंद्र की तलाश जारी थी। उन्होंने बताया कि ये गैंग दिन में रेकी कर ऐसे घरों को चिह्नित करता था जिनमें ताला लगा हो। रात में चोरी को अंजाम दिया जाता था।

उन्होंने बताया कि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह गैंग चोरी का माल किन लोगों को बेचा करता था। इनकी पहचान करने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

चोरी के इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ने कई टीमों का गठन किया था, जिनकी मेहनत से तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी। सफलता पर डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने टीम को 10,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

SP_Singh AURGURU Editor