पेड़ के सहारे छत पर चढ़ा चोर, जाल तोड़कर शोरूम में उतरा, 10 मिनट में नकदी समेटकर फरार

ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के हाथरस रोड स्थित हरेंद्र एंटरप्राइजेज शोरूम में चोर पेड़ के सहारे छत पर पहुंचा और लोहे का जाल तोड़कर केबल के सहारे अंदर घुस गया। करीब 10 मिनट तक शोरूम खंगालने के बाद चोर काउंटर से करीब 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। शोरूम में इससे पहले वर्ष 2018 में भी करीब छह लाख रुपये की चोरी हो चुकी है।

Sep 19, 2026 - 17:58
 0
पेड़ के सहारे छत पर चढ़ा चोर, जाल तोड़कर शोरूम में उतरा, 10 मिनट में नकदी समेटकर फरार
पेड़ पर चढ़कर चोरी के लिए शोरूम में जाता चोर।

ट्रांस यमुना में हरेंद्र एंटरप्राइजेज शोरूम में दुस्साहसिक चोरी, कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात, अलमारी और गोदाम भी खंगाला

आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में चोर ने शोरूम में घुसने के लिए ऐसा रास्ता चुना, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। हाथरस रोड स्थित अंबेडकर तिराहे पर हरेंद्र एंटरप्राइजेज शोरूम को निशाना बनाने वाला चोर बाहर लगे पेड़ के सहारे छत तक पहुंचा। इसके बाद छत पर लगे लोहे के जाल की पत्तियां तोड़ीं और केबल के सहारे शोरूम के अंदर उतर गया। करीब 10 मिनट तक अंदर रहने के बाद चोर काउंटर से करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

शोरूम मालिक राजवीर सिंह को शुक्रवार सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। शोरूम के अंदर सामान बिखरा मिलने और नकदी गायब होने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रांस यमुना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शोरूम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो चोर की पूरी गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड मिली।

पहले दिन में रेकी, रात में वारदात

सीसीटीवी फुटेज में चोर की गतिविधियां देखकर सामने आया कि उसने वारदात से पहले शोरूम की रेकी की थी। राजवीर सिंह के मुताबिक, शाम करीब चार बजे एक संदिग्ध युवक शोरूम के आसपास घूमता और अंदर-बाहर की गतिविधियों पर नजर रखता दिखाई दिया था। उस समय ग्राहकों की आवाजाही अधिक थी, इसलिए उस पर किसी ने विशेष ध्यान नहीं दिया। पुलिस के अनुसार, रात करीब दो बजे चोर दोबारा शोरूम के पास पहुंचा। बाहर लगे पेड़ के सहारे वह छत पर चढ़ गया। छत पर पहुंचने के बाद उसने लोहे के जाल की पत्तियां तोड़ीं और केबल के सहारे शोरूम के भीतर उतर गया।

अलमारी के ताले तोड़े, गोदाम में भी तलाशा सामान

शोरूम में दाखिल होने के बाद चोर ने करीब 10 मिनट तक अंदर रहकर सामान और नकदी की तलाश की। उसने अलमारी के ताले तोड़ने की कोशिश की और गोदाम में रखे सामान को भी खंगाला। इसके बाद काउंटर से करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर वह उसी रास्ते से बाहर निकल गया, जिस रास्ते से अंदर आया था। सीसीटीवी फुटेज में चोर की गतिविधियां स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं। अब पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के आने और जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

2018 में भी हो चुकी है बड़ी चोरी

हरेंद्र एंटरप्राइजेज के मालिक के प्रतिष्ठान में इससे पहले भी बड़ी चोरी हो चुकी है। राजवीर सिंह के मुताबिक, 12 फरवरी 2018 को अज्ञात चोरों ने शोरूम से नकदी के अलावा बैटरी और इन्वर्टर चोरी कर लिए थे। उस घटना में करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ था। अब करीब आठ साल बाद दोबारा शोरूम को निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस पुराने चोरी के मामले और वर्तमान घटना के तरीके को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।