सूरज जादौन हत्याकांड में तीसरा आरोपी चंदन अहमदाबाद से पकड़ा गया

आगरा। थाना बाह के चौसिंगी गांव निवासी सूरज जादौन की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकार इस मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं। शेष एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।

Mar 26, 2025 - 22:39
 0
सूरज जादौन हत्याकांड में तीसरा आरोपी चंदन अहमदाबाद से पकड़ा गया
बाह पुलिस द्वारा अहमदाबाद से पकड़ा गया सूरज जादौन हत्याकांड का आरोपी चंदन।

चौसिंगी के 28 वर्षीय सूरज जादौन पर बटेश्वर जाते समय होलीपुरा कोल्ड स्टोरेज के पास चार युवकों ने हमला बोल दिया था। उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। सूरज बचकर भागा तो आरोपियों ने उसे बलेनो कार से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया था। बाद में सूरज जादौन की मौत हो गई थी। इसके बाद चौसिंगी के लोगों ने आगरा-बाह स्टेट हाईवे को जाम कर दिया था। 

इस हत्याकांड के बाद चारों आरोपी फरार हो गये थे। पुलिस पर भारी जन दबाव था। दो आरोपियों को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है। तीसरे आरोपी चंदन पुत्र अवधेश को पुलिस ने गुजरात में अहमदाबाद जिले के बोडकदेव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चंदन मैनपुरी जिले के थाना करहल के पैराग शाहपुर गांव का निवासी है।